शुरुआती कारोबार में शेयर बाजार पर दबाव, सेंसेक्स-निफ्टी में मामूली गिरावट

घरेलू शेयर बाजार में आज शुरुआती कारोबार के दौरान उतार-चढ़ाव के बीच दबाव बना हुआ नजर आया। दिन की शुरुआत भले ही तेजी के साथ हुई, लेकिन कुछ ही मिनटों में बाजार पर बिकवाली हावी हो गई, जिससे सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांक लाल निशान में फिसल गए।
सुबह 10 बजे तक के कारोबार में सेंसेक्स करीब 0.01 प्रतिशत और निफ्टी 0.09 प्रतिशत की मामूली कमजोरी के साथ कारोबार करते नजर आए। शुरुआती 10 मिनट में खरीदारी के सपोर्ट से दोनों सूचकांकों में मजबूती आई थी, लेकिन उसके बाद मुनाफावसूली के चलते गिरावट शुरू हो गई।
सेंसेक्स ने आज 139.36 अंक की बढ़त के साथ 78,632.90 के स्तर पर ओपनिंग की और शुरुआती कारोबार में 78,733.25 अंक तक पहुंच गया। हालांकि बाद में बिकवाली के दबाव के कारण इसकी बढ़त खत्म हो गई और सुबह 10 बजे तक यह 5.82 अंक गिरकर 78,487.72 के स्तर पर कारोबार कर रहा था।
इसी तरह निफ्टी ने 37.95 अंक की तेजी के साथ 24,391.50 के स्तर पर शुरुआत की और कुछ ही समय में 24,420.20 तक पहुंच गया। लेकिन इसके बाद बाजार में कमजोरी आ गई और सूचकांक गिरकर 24,332.80 अंक के स्तर पर आ गया।
दिग्गज शेयरों की बात करें तो स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, आईसीआईसीआई बैंक, ट्रेंट लिमिटेड, एक्सिस बैंक और एनटीपीसी के शेयरों में मजबूती देखने को मिली। वहीं जियो फाइनेंशियल, एचडीएफसी लाइफ, हिंडाल्को इंडस्ट्रीज समेत कई शेयर गिरावट के साथ कारोबार करते नजर आए।
बाजार की चौड़ाई भी कमजोर रही। कुल 2,776 शेयरों में कारोबार हुआ, जिनमें से 945 शेयर हरे निशान में और 1,831 शेयर लाल निशान में रहे। सेंसेक्स के 30 शेयरों में से केवल 9 में तेजी रही, जबकि 21 शेयर गिरावट के साथ कारोबार कर रहे थे। वहीं निफ्टी के 50 शेयरों में से 10 में तेजी और 40 में गिरावट देखी गई।
विशेषज्ञों के अनुसार, शुरुआती तेजी के बाद मुनाफावसूली और वैश्विक संकेतों के चलते बाजार पर दबाव बना हुआ है। निवेशकों को फिलहाल सतर्क रहने और बाजार के रुझान पर नजर बनाए रखने की सलाह दी जा रही है।






