शुरुआती कारोबार में शेयर बाजार पर दबाव, सेंसेक्स 400 अंक से ज्यादा टूटा, निफ्टी भी लुढ़का

घरेलू शेयर बाजार में आज शुरुआती कारोबार के दौरान दबाव बना रहा, जिसके चलते सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांक गिरावट के साथ कारोबार करते नजर आए। बाजार की शुरुआत मामूली कमजोरी के साथ हुई थी, लेकिन शुरुआती लिवाली के बावजूद बाजार की चाल में खास सुधार नहीं दिखा। कुछ ही देर बाद बिकवाली का दबाव बढ़ गया, जिससे दोनों प्रमुख सूचकांकों की गिरावट और तेज हो गई।
सुबह 10 बजे तक के कारोबार में बीएसई सेंसेक्स करीब 0.57 प्रतिशत और एनएसई निफ्टी लगभग 0.66 प्रतिशत की गिरावट के साथ कारोबार कर रहे थे। शुरुआती सत्र में निवेशकों की सतर्कता और चुनिंदा सेक्टर्स में बिकवाली का असर बाजार पर साफ दिखाई दिया।
स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में इंफोसिस, टेक महिंद्रा, ट्रेंट लिमिटेड, एचसीएल टेक्नोलॉजी और विप्रो जैसे आईटी शेयरों में हल्की मजबूती देखने को मिली। इन शेयरों में 1.32 प्रतिशत से लेकर 0.41 प्रतिशत तक की बढ़त दर्ज की गई। दूसरी ओर, मारुति सुजुकी, श्रीराम फाइनेंस, हिंदुस्तान यूनिलीवर, मैक्स हेल्थकेयर और कोल इंडिया जैसे शेयरों में कमजोरी बनी रही और ये 1.44 प्रतिशत तक गिरावट के साथ कारोबार करते नजर आए।
बाजार की व्यापक स्थिति पर नजर डालें तो सुबह 10 बजे तक करीब 2,603 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हो रही थी। इनमें से 907 शेयर हरे निशान में जबकि 1,696 शेयर लाल निशान में कारोबार कर रहे थे, जो बाजार में बिकवाली के दबाव को दर्शाता है। सेंसेक्स के 30 शेयरों में से सिर्फ 6 शेयर बढ़त में थे, जबकि 24 शेयर गिरावट में कारोबार कर रहे थे। वहीं निफ्टी के 50 शेयरों में से 11 शेयरों में तेजी और 39 शेयरों में कमजोरी देखने को मिली।
बीएसई का सेंसेक्स आज 28.13 अंक की मामूली गिरावट के साथ 82,220.48 अंक पर खुला। बाजार खुलते ही लिवाली का प्रयास जरूर हुआ, लेकिन सूचकांक लाल निशान से बाहर नहीं निकल सका। इसके बाद बढ़ती बिकवाली के कारण सेंसेक्स 82 हजार के स्तर से नीचे फिसल गया और सुबह 10 बजे तक 467.18 अंक टूटकर 81,781.43 अंक के स्तर पर कारोबार करता नजर आया।
एनएसई निफ्टी ने भी कमजोरी के साथ शुरुआत की और 36.70 अंक गिरकर 25,459.85 अंक पर खुला। शुरुआती मिनटों में मामूली सुधार के बाद बिकवाली तेज हो गई, जिससे निफ्टी 25,400 के स्तर से भी नीचे आ गया। सुबह 10 बजे तक यह सूचकांक 167.15 अंक की गिरावट के साथ 25,329.40 अंक पर कारोबार कर रहा था।
गौरतलब है कि पिछले कारोबारी दिन गुरुवार को सेंसेक्स 27.46 अंक की मामूली गिरावट के साथ 82,248.61 अंक पर बंद हुआ था, जबकि निफ्टी 14.05 अंक की हल्की बढ़त के साथ 25,496.55 अंक के स्तर पर बंद हुआ था। बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि वैश्विक संकेतों और सेक्टोरल बिकवाली के चलते फिलहाल बाजार में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है।






