रामनवमी पर शेयर बाजार बंद, BSE-NSE में आज नहीं होगा कारोबार

नई दिल्ली में आज रामनवमी के अवसर पर घरेलू शेयर बाजार में कारोबार पूरी तरह बंद रहेगा। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) में आज किसी भी सेगमेंट में ट्रेडिंग नहीं होगी।
स्टॉक एक्सचेंज द्वारा जारी सर्कुलर के अनुसार, इक्विटी, इक्विटी डेरिवेटिव्स, सिक्योरिटीज लेंडिंग एंड बॉरोइंग (SLB), करेंसी डेरिवेटिव्स और इंटरेस्ट रेट डेरिवेटिव्स समेत सभी सेगमेंट में आज कारोबार बंद रहेगा। इसके साथ ही कमोडिटी डेरिवेटिव्स सेगमेंट में भी सुबह का सत्र पूरी तरह से बंद रहेगा।
हालांकि मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) में शाम के सत्र में सामान्य रूप से ट्रेडिंग होगी। सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक कारोबार बंद रहेगा, जबकि शाम 5 बजे के बाद रात तक ट्रेडिंग जारी रहेगी।
रामनवमी की इस छुट्टी के चलते मौजूदा सप्ताह में केवल चार दिन ही ट्रेडिंग हो पाएगी। वहीं अगले सप्ताह भी शेयर बाजार दो दिन बंद रहेगा। 31 मार्च को महावीर जयंती और 3 अप्रैल को गुड फ्राइडे के कारण बाजार बंद रहेगा, जिससे अगले सप्ताह सिर्फ तीन दिन ही कारोबार होगा।
स्टॉक मार्केट के हॉलीडे कैलेंडर 2026 के अनुसार, पूरे वर्ष में साप्ताहिक छुट्टियों के अलावा कुल 16 दिन बाजार बंद रहेगा। मार्च महीने में सबसे अधिक छुट्टियां हैं, जिनमें होली, रामनवमी और महावीर जयंती शामिल हैं।
आगे के महीनों में भी कई प्रमुख अवसरों पर बाजार बंद रहेगा, जिनमें डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर जयंती (14 अप्रैल), महाराष्ट्र दिवस (1 मई), बकरीद (28 मई), मोहर्रम (26 जून), गणेश चतुर्थी (14 सितंबर), महात्मा गांधी जयंती (2 अक्टूबर), दशहरा (20 अक्टूबर), दिवाली (10 नवंबर), गुरु नानक जयंती (24 नवंबर) और क्रिसमस (25 दिसंबर) शामिल हैं।
निवेशकों को सलाह दी गई है कि वे ट्रेडिंग की योजना बनाते समय इस Stock Market Holiday कैलेंडर का ध्यान रखें, ताकि किसी भी असुविधा से बचा जा सके।






