शुरुआती कारोबार में शेयर बाजार पर बिकवाली का दबाव, सेंसेक्स और निफ्टी लुढ़के

शेयर बाजार में आज शुरुआती कारोबार के दौरान बिकवाली का दबाव देखा गया। कमजोर वैश्विक संकेतों और अंतरराष्ट्रीय दबाव के कारण घरेलू बाजार की शुरुआत कमजोरी के साथ हुई।
बाजार खुलते ही सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांक हरे निशान में उछलने में सफल रहे, लेकिन थोड़ी देर बाद बिकवाली का दबाव बनने के कारण दोनों सूचकांक दोबारा लाल निशान में चले गए। पहले 1 घंटे के कारोबार के बाद सेंसेक्स 0.38 प्रतिशत और निफ्टी 0.25 प्रतिशत की कमजोरी के साथ कारोबार कर रहे थे।
शुरुआती कारोबार में एटरनल, हिंडाल्को इंडस्ट्रीज, इंटरग्लोब एवियशन, जेएसडब्ल्यू स्टील और एचडीएफसी लाइफ के शेयर 1.17 प्रतिशत से 0.68 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे। दूसरी ओर भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, आईसीआईसीआई बैंक, ट्रेंट लिमिटेड, इंफोसिस और अपोलो हॉस्पिटल के शेयर 1.72 प्रतिशत से 0.86 प्रतिशत की कमजोरी के साथ लाल निशान में कारोबार कर रहे थे।
आज स्टॉक मार्केट में कुल 2,693 शेयरों में ट्रेडिंग हुई, जिनमें से 1,009 शेयर लाभ में और 1,684 शेयर हानि में थे। सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 12 हरे निशान में और 18 लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। निफ्टी में 50 शेयरों में से 22 हरे और 28 लाल निशान में थे।
बीएसई सेंसेक्स आज 385.82 अंक गिरकर 81,794.65 पर खुला। खुलते ही खरीदारी के दबाव से पहले 5 मिनट में ये 480 अंक उछलकर 82,282.25 पर पहुंचा, लेकिन फिर बिकवाली का दबाव बन गया। लगातार खरीद और बिक्री के बीच पहले 1 घंटे के कारोबार के बाद सुबह 10:15 बजे सेंसेक्स 309.93 अंक की गिरावट के साथ 81,870.54 अंक पर था।
एनएसई निफ्टी आज 91.50 अंक टूटकर 25,141 अंक पर खुला। खुलते ही 5 मिनट में 135 अंक उछल कर 25,277.75 पर पहुंचा, लेकिन बिकवाली शुरू होने के कारण लाल निशान में लौट गया। पहले आधे घंटे के कारोबार में खरीदारों ने कई बार बाजार को सहारा देने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं रहे। शुरुआती 1 घंटे के बाद निफ्टी 62.85 अंक की गिरावट के साथ 25,169.65 अंक पर था।
पिछले कारोबारी दिन मंगलवार को सेंसेक्स 1,065.71 अंक यानी 1.28 प्रतिशत गिरावट के साथ 82,180.47 अंक पर बंद हुआ था, जबकि निफ्टी ने 353 अंक यानी 1.38 प्रतिशत की गिरावट के साथ 25,232.50 अंक पर समाप्त किया था।






