भारत-नेपाल सीमा पर एसएसबी की बड़ी कार्रवाई, दो थाई नागरिक समेत 4 गिरफ्तार

बिहार के किशनगंज जिले में भारत-नेपाल सीमा पर Sashastra Seema Bal (एसएसबी) ने मंगलवार तड़के बड़ी कार्रवाई करते हुए दो थाई नागरिकों सहित चार लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार लोगों में एक नेपाली और एक भारतीय नागरिक भी शामिल हैं। सुरक्षा एजेंसियां इस पूरे मामले की गहन जांच में जुट गई हैं।
जानकारी के अनुसार, किशनगंज जिले के ठाकुरगंज प्रखंड अंतर्गत गलगलिया स्थित भारत-नेपाल सीमा पर एसएसबी की 41वीं बटालियन रानीडांगा को तीसरे देश के नागरिकों की संदिग्ध गतिविधियों की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर मंगलवार सुबह करीब 6 बजे विशेष अभियान चलाया गया।
यह कार्रवाई सीमा स्तंभ संख्या 88/08 के पास रतखोला क्षेत्र में की गई, जो Naxalbari थाना क्षेत्र के अंतर्गत आता है। एसएसबी के बीओपी मदनजोत के जवानों और क्विक रिस्पॉन्स टीम ने संयुक्त अभियान चलाकर इलाके की घेराबंदी की और संदिग्धों को हिरासत में लिया।
पूछताछ के दौरान उनकी गतिविधियां संदिग्ध लगने पर सुरक्षा एजेंसियों ने विस्तृत जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सभी लोग सीमा क्षेत्र से भारत में प्रवेश करने या अन्य स्थानों की ओर जाने का प्रयास कर रहे थे।
एसएसबी अधिकारियों के मुताबिक, गिरफ्तार लोगों के पास मौजूद दस्तावेजों, यात्रा विवरण और अन्य सामग्रियों की गहन जांच की जा रही है। एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि इनका उद्देश्य क्या था और क्या इनका संबंध किसी अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क या अवैध गतिविधियों से जुड़ा है।
आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद सभी गिरफ्तार लोगों को स्थानीय पुलिस और संबंधित एजेंसियों के हवाले कर दिया गया है। भारत-नेपाल सीमा पर बढ़ाई गई निगरानी के बीच एसएसबी की इस कार्रवाई को सुरक्षा के लिहाज से अहम माना जा रहा है।






