|

फ्रांस को 2-0 से हराकर स्पेन ने रचा इतिहास, 16 साल बाद फीफा विश्व कप फाइनल में बनाई जगह

स्पेन ने फीफा विश्व कप के सेमीफाइनल में शानदार खेल दिखाते हुए फ्रांस को 2-0 से हरा दिया और 16 वर्षों के लंबे इंतजार के बाद फाइनल में जगह बना लिया है। मुकाबले में कप्तान मिकेल ओयारजाबाल ने 22वें मिनट में पेनल्टी को गोल में बदलकर टीम को शुरुआती बढ़त दिलाई। इसके बाद 58वें मिनट में पेड्रो पोरो ने दूसरा गोल दागकर स्पेन की जीत लगभग तय कर दी। अब स्पेन 2010 के बाद आज 16 साल बाद विश्व कप फाइनल खेलने जा रहा है।

यमाल पर फाउल पड़ा भारी, ओयारजाबाल ने पेनल्टी को गोल में तब्दील किया

मैच के 22वें मिनट में फ्रांस के डिफेंडर लुकास डिग्ने ने बॉक्स के अंदर लामिन यमाल को रोकने की कोशिश में फाउल कर दिया। रेफरी ने बिना देर किए स्पेन के पक्ष में पेनल्टी दे दी। कप्तान मिकेल ओयारजाबाल ने शांत दिमाग से शॉट लगाया और गेंद को गोलपोस्ट के दाईं ओर भेज दिया। फ्रांस के गोलकीपर माइक मेनन सही दिशा में गए, लेकिन गेंद तक नहीं पहुंच सके। इस टूर्नामेंट में ओयारजाबाल का यह पांचवां गोल रहा।

पोरो के शानदार फिनिश ने स्पेन की जीत पर लगाई मुहर

पहले हाफ में पिछड़ने के बाद फ्रांस ने वापसी की कोशिश जरूर की, लेकिन स्पेन के डिफेंडरों के सामने उन्हें कोई बड़ी सफलता नहीं मिली। 58वें मिनट में दानी ओल्मो ने बेहतरीन मूव तैयार किया और पेड्रो पोरो ने मिले मौके को शानदार गोल में बदल दिया। इस गोल के बाद स्कोर 2-0 हो गया और स्पेन ने अंत तक मैच की रफ्तार और गेंद दोनों पर अपना नियंत्रण बनाए रखा।

एमबाप्पे नहीं दिखा सके असर, फ्रांस का लगातार तीसरे फाइनल का सपना टूटा

पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करने वाले किलियन एमबाप्पे इस मुकाबले में स्पेन की सधी हुई डिफेंस को नहीं तोड़ सके। उन्हें कई बार ऑफसाइड का सामना करना पड़ा और दूसरे हाफ में एक पीला कार्ड भी मिला। इसके साथ ही फ्रांस का 2018 और 2022 के बाद लगातार तीसरी बार विश्व कप फाइनल खेलने का सपना अधूरा रह गया।

2010 के बाद फिर फाइनल में स्पेन, दूसरी बार विश्व विजेता बनने का मौका

स्पेन की टीम 2010 के बाद पहली बार विश्व कप फाइनल खेलेगी। पिछली बार उसने दक्षिण अफ्रीका में खेले गए फाइनल में नीदरलैंड्स को 1-0 से हराकर अपना पहला विश्व कप खिताब जीता था। अब टीम के पास इतिहास दोहराते हुए दूसरी बार विश्व चैंपियन बनने का सुनहरा अवसर होगा।

Share