महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने सिरपुर तालाब क्षेत्र का किया निरीक्षण, रामसर साइट, जीटीएस और ग्रीन वेस्ट प्लांट पर दिए अहम निर्देश

इंदौर नगर निगम के महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने आज सिरपुर तालाब क्षेत्र का व्यापक निरीक्षण किया। इस दौरान स्वास्थ्य प्रभारी श्री अश्विनी शुक्ल, क्षेत्रीय पार्षद श्री महेश चौधरी, अपर आयुक्त श्री प्रखर सिंह, कार्यपालन यंत्री श्री सुमित अस्थाना सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
महापौर ने सबसे पहले सिरपुर तालाब स्थित रामसर साइट क्षेत्र का निरीक्षण किया। आगामी वेटलैंड डे आयोजन को ध्यान में रखते हुए उन्होंने तालाब परिसर की स्वच्छता, संरक्षण, सौंदर्यीकरण और व्यवस्थाओं को और अधिक मजबूत करने के निर्देश दिए। महापौर ने कहा कि सिरपुर तालाब इंदौर की पर्यावरणीय धरोहर है और यहां आने वाले नागरिकों व पर्यावरण प्रेमियों को एक सकारात्मक और जागरूकता भरा संदेश मिलना चाहिए।
इसके पश्चात महापौर द्वारा सिरपुर क्षेत्र में निर्माणाधीन कचरा ट्रांसफर स्टेशन (GTS) का निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने जानकारी दी कि प्रस्तावित दो शेड में से एक का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है। महापौर ने शेष शेड का कार्य आगामी स्वच्छ सर्वेक्षण से पूर्व अनिवार्य रूप से पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि शहर की कचरा प्रबंधन व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ किया जा सके।
निरीक्षण के दौरान महापौर ने सिरपुर के समीप बन रहे ग्रीन वेस्ट प्लांट का भी अवलोकन किया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि ग्रीन वेस्ट प्लांट का निर्माण कार्य तय समय-सीमा में पूरा हो तथा इसमें स्वच्छता के साथ-साथ सौंदर्य और पर्यावरणीय मानकों का विशेष ध्यान रखा जाए।
महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा कि सिरपुर क्षेत्र को स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और आधुनिक कचरा प्रबंधन का आदर्श मॉडल बनाया जाएगा, जिससे इंदौर की पहचान देशभर में और मजबूत हो सके।






