श्रुती कुमारी का अंडर-20 एशिया कप के लिए भारतीय टीम में चयन, सीवान की बेटी ने बढ़ाया मान

बिहार के सीवान जिले के छोटे से गांव हरनाथपुर की बेटी श्रुती कुमारी ने शानदार उपलब्धि हासिल करते हुए अंडर-20 एशियन महिला फुटबॉल चैंपियनशिप के लिए भारतीय टीम में जगह बनाई है।
यह प्रतिष्ठित टूर्नामेंट 3 अप्रैल से थाईलैंड में आयोजित होगा, जिसमें भारत करीब 20 वर्षों बाद हिस्सा ले रहा है।
श्रुती, सीवान के मैरवा प्रखंड स्थित हरनाथपुर गांव निवासी अभय यादव की पुत्री हैं। उनकी सफलता के पीछे कठिन परिश्रम और संघर्ष की लंबी कहानी है। उन्होंने कोच संजय पाठक के मार्गदर्शन में कक्षा 6 से ही अपनी खेल यात्रा शुरू की।
उन्होंने आदर्श राजकीय मध्य विद्यालय, मैरवा से शुरुआत करते हुए रानी लक्ष्मीबाई स्पोर्ट्स अकादमी में प्रशिक्षण लेकर अपने खेल को निखारा।
श्रुती ने बिहार टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए कई पदक जीते और राज्य स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बनाई। उनके प्रदर्शन के लिए उन्हें राज्य सरकार द्वारा खेल सम्मान से भी नवाजा गया है।
वर्तमान में वह “मेडल लाओ, नौकरी पाओ” योजना के तहत मुजफ्फरपुर समाहरणालय में कार्यरत हैं और साथ ही गढ़वाल एफसी से जुड़कर प्रोफेशनल फुटबॉल खेल रही हैं।
उनके चयन की खबर मिलते ही पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। बिहार राज्य फुटबॉल संघ और सिवान जिला फुटबॉल संघ सहित कई संगठनों और खेल प्रेमियों ने उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।
गांव की गलियों से निकलकर अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंची श्रुती कुमारी आज हजारों बेटियों के लिए प्रेरणा बन गई हैं, जो बड़े सपने देखने का साहस रखती हैं।






