| | |

श्रावण मास में महाकाल मंदिर में रुद्राभिषेक: पूरे महीने होगी विशेष पूजा; दर्शन करने आएंगे लाखों श्रद्धालु

उज्जैन। श्रावण मास के शुभारंभ के साथ ही विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में पारंपरिक रुद्राभिषेक अनुष्ठान की शुरुआत हो गई। महाकाल मंदिर पुरोहित समिति की ओर से आयोजित इस विशेष धार्मिक अनुष्ठान में पूरे श्रावण मास तक प्रतिदिन भगवान महाकाल का रुद्राभिषेक, वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विशेष पूजन और जनकल्याण की प्रार्थना की जाएगी। अनुष्ठान का उद्देश्य राष्ट्र की समृद्धि, विश्वशांति, अच्छी वर्षा और समस्त श्रद्धालुओं के सुख-समृद्धि की कामना करना है।

विश्वशांति और जनकल्याण की प्रार्थना
अनुष्ठान के पहले दिन श्री महाकालेश्वर मंदिर के प्रशासक एवं अपर कलेक्टर प्रथम कौशिक ने प्राचीन सभामंडप में भगवान महाकाल का विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर रुद्राभिषेक किया। उन्होंने प्रदेश और देश की खुशहाली, जनकल्याण तथा विश्वकल्याण की कामना करते हुए पूजा-अर्चना में सहभागिता निभाई।

वर्षों पुरानी है धार्मिक परंपरा
महाकाल मंदिर पुरोहित समिति के अनुसार श्रावण मास में आयोजित होने वाला यह पारंपरिक रुद्राभिषेक वर्षों पुरानी धार्मिक परंपरा का हिस्सा है। पूरे महीने प्रतिदिन वैदिक आचार्यों के सान्निध्य में रुद्राभिषेक और विशेष पूजन संपन्न होगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होकर धर्मलाभ प्राप्त करेंगे।

श्रावण मास के दौरान महाकाल मंदिर में देश-विदेश से लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए मंदिर प्रशासन ने दर्शन, पूजन और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष तैयारियां भी की हैं, ताकि श्रद्धालुओं को सुगम और व्यवस्थित दर्शन का लाभ मिल सके।

Share