| |

पीएम मोदी पर केंद्रित शिवराज की पुस्तक ‘अपनापन’ का आज विमोचन, पूसा में जुटेंगे कई दिग्गज

प्रधानमंत्री Narendra Modi के व्यक्तित्व, नेतृत्व और कार्यशैली पर केंद्रित पुस्तक ‘अपनापन’ का आज नई दिल्ली स्थित भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान (पूसा) के भारतरत्न सी. सुब्रमण्यम सभागार में विमोचन किया जाएगा। यह कार्यक्रम राष्ट्रीय कृषि विज्ञान परिसर स्थित सभागार में आयोजित होगा, जहां कई राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र की प्रमुख हस्तियां मौजूद रहेंगी।

‘अपनापन’ केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री Shivraj Singh Chouhan की आत्मीय और प्रेरणादायक कृति मानी जा रही है। पुस्तक में उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के साथ विभिन्न भूमिकाओं में कार्य करते हुए देखे, सीखे और आत्मसात किए गए अनुभवों का सजीव चित्रण किया है।

विमोचन समारोह में पूर्व प्रधानमंत्री H. D. Deve Gowda और पूर्व उपराष्ट्रपति M. Venkaiah Naidu विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। इसके अलावा कार्यक्रम में कई केंद्रीय मंत्री, राज्यपाल, विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री, समाजसेवी, लेखक और पत्रकार भी शामिल होंगे।

शिवराज सिंह चौहान के अनुसार, ‘अपनापन’ केवल घटनाओं का संग्रह नहीं, बल्कि एक विचार यात्रा है, जिसमें संगठन, समर्पण और नेतृत्व के विभिन्न आयामों को दर्शाया गया है। उन्होंने कहा कि पुस्तक में राष्ट्र निर्माण, सेवा और जनहित से जुड़े उन मूल्यों को सामने लाने का प्रयास किया गया है, जिन्हें उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के साथ काम करते हुए करीब से महसूस किया।

गौरतलब है कि 26 मई 2014 को ही नरेंद्र मोदी ने भारत के प्रधानमंत्री के रूप में कार्यभार संभाला था। आज उनके नेतृत्व के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर शिवराज सिंह चौहान ने एक्स (X) हैंडल पर खुशी व्यक्त करते हुए इसे भारत के नव-निर्माण, जन-आकांक्षाओं की पूर्ति और ‘विकसित भारत’ के उदय का स्वर्णिम कालखंड बताया।

उन्होंने अपने संदेश में कहा कि पिछले 12 वर्षों में ‘सबका साथ, सबका विकास’ के मंत्र के साथ गांव, गरीब, किसान, महिला और युवाओं के जीवन में व्यापक परिवर्तन देखने को मिला है। साथ ही उन्होंने देशवासियों से सशक्त, समृद्ध और विकसित भारत के निर्माण में सहभागी बनने का आह्वान भी किया।

Share

Similar Posts