मतदान से ठीक पहले पूर्व प्रधानमंत्री शेरबहादुर देउवा परिवार सहित सिंगापुर पहुंचे

नेपाल के पूर्व प्रधानमंत्री और नेपाली कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष शेर बहादुर देउवा प्रतिनिधि सभा चुनाव से ठीक पहले परिवार सहित सिंगापुर रवाना हो गए हैं।

पांच बार प्रधानमंत्री रह चुके देउवा पार्टी अध्यक्ष पद से हटाए जाने के बाद से नाराज बताए जा रहे थे। चुनाव प्रचार के लिए आग्रह किए जाने के बावजूद वे अपने निवास से बाहर नहीं निकले। मतदान से एक सप्ताह पहले उनके विदेश रवाना होने से यह संकेत मिल रहा है कि वे इस बार मतदान भी नहीं करेंगे।

देउवा बुधवार देर रात त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय विमानस्थल से सिंगापुर एयरलाइंस की उड़ान एसक्यू 441 से सिंगापुर रवाना हुए। उनके साथ पुत्र जयवीर देउवा, बहू और निजी सहयोगी भानु देउवा भी गए हैं। उनकी पत्नी एवं पूर्व विदेश मंत्री डॉ. आरजू राणा देउवा इस समय भारत के मध्य प्रदेश में हैं।

15 जनवरी को हुए विशेष महाधिवेशन के बाद गगन थापा के नेतृत्व में नई कार्यसमिति का गठन हुआ था। निर्वाचन आयोग द्वारा नई समिति को आधिकारिक मान्यता दिए जाने के बाद से देउवा सक्रिय राजनीति से दूर रहे हैं।

देउवा सुदूर पश्चिम प्रदेश के डेडलधुरा से लगातार आठ बार चुनाव जीत चुके हैं, लेकिन इस बार पार्टी ने वहां से नैन सिंह महर को उम्मीदवार बनाया है। देउवा की इच्छा आखिरी बार चुनाव लड़ने की बताई जा रही थी।

नेपाल की राजनीति में इस घटनाक्रम को महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि चुनाव से ठीक पहले उनका विदेश जाना कई तरह के राजनीतिक संकेत दे रहा है।

Share

Similar Posts