शेयर बाजार में शानदार शुरुआत, सेंसेक्स-निफ्टी में तेजी; आईटी शेयरों ने भरी उड़ान

घरेलू शेयर बाजार ने शुक्रवार को मजबूती के साथ शुरुआत की। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स और निफ्टी दोनों बढ़त के साथ कारोबार करते नजर आए, हालांकि बाजार खुलते ही कुछ समय के लिए बिकवाली का दबाव भी देखने को मिला। इसके बाद खरीदारों की वापसी से बाजार ने तेजी पकड़ ली।
सुबह 10 बजे तक BSE Sensex करीब 345.45 अंक यानी 0.46 प्रतिशत की बढ़त के साथ 75,744.17 अंक पर कारोबार कर रहा था। वहीं NIFTY 50 123.50 अंक यानी 0.52 प्रतिशत मजबूत होकर 23,813.10 अंक के स्तर पर पहुंच गया।
आज कारोबार की शुरुआत में सेंसेक्स 98.38 अंक की बढ़त के साथ 75,497.10 अंक पर खुला था, लेकिन शुरुआती बिकवाली के कारण यह कुछ समय के लिए 75,251.15 अंक तक फिसल गया। हालांकि, बाद में बाजार में खरीदारी बढ़ने से सूचकांक ने रिकवरी कर ली।
इसी तरह निफ्टी ने 23,731.40 अंक से कारोबार शुरू किया, लेकिन शुरुआती दबाव के चलते यह 23,663.35 अंक तक गिर गया। बाद में निवेशकों की लिवाली से निफ्टी ने दोबारा हरे निशान में वापसी की।
इन शेयरों में दिखी सबसे ज्यादा तेजी
शुरुआती कारोबार में टीएमपीवी, इंफोसिस, टेक महिंद्रा, कोल इंडिया और टीसीएस के शेयरों में सबसे ज्यादा तेजी देखी गई। इनमें 2 से 5 प्रतिशत तक की मजबूती दर्ज की गई।
वहीं दूसरी ओर हिंडाल्को इंडस्ट्रीज, रिलायंस इंडस्ट्रीज, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया और अडानी इंटरप्राइजेज जैसे शेयरों में गिरावट देखने को मिली, जहां करीब 1 से 2 प्रतिशत तक कमजोरी दर्ज की गई।
बाजार में कैसी रही चौड़ाई?
सुबह 10 बजे तक बाजार में 2,618 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हो रही थी। इनमें 1,479 शेयर बढ़त में जबकि 1,139 शेयर गिरावट के साथ कारोबार कर रहे थे।
सेंसेक्स के 30 में से 21 शेयर हरे निशान में थे, जबकि 9 शेयर गिरावट में कारोबार कर रहे थे। वहीं निफ्टी के 50 में से 36 शेयर बढ़त में और 14 शेयर नुकसान में बने हुए थे।
गौरतलब है कि पिछले कारोबारी सत्र यानी गुरुवार को भी बाजार में शानदार तेजी देखने को मिली थी। सेंसेक्स 789.74 अंक की मजबूती के साथ 75,398.72 अंक पर बंद हुआ था, जबकि निफ्टी 277 अंक उछलकर 23,689.60 अंक के स्तर पर पहुंच गया था।





