शुरुआती कारोबार में सपाट रहा शेयर बाजार, सेंसेक्स-निफ्टी ने निचले स्तर से की रिकवरी

घरेलू शेयर बाजार में आज शुरुआती कारोबार के दौरान उतार-चढ़ाव भरा रुख देखने को मिला। कारोबार की शुरुआत गिरावट के साथ हुई, लेकिन बाजार खुलते ही खरीदारी का सपोर्ट मिलने से सेंसेक्स और निफ्टी दोनों ने निचले स्तर से रिकवरी कर ली। हालांकि पहले आधे घंटे के बाद बिकवाली का दबाव बढ़ने से दोनों प्रमुख सूचकांक सपाट स्तर पर कारोबार करते नजर आए।
सुबह 11 बजे तक के कारोबार में बीएसई सेंसेक्स 0.08 प्रतिशत की हल्की कमजोरी के साथ कारोबार कर रहा था, जबकि एनएसई निफ्टी 0.07 प्रतिशत की मामूली मजबूती के साथ बना हुआ था। बाजार में ऊर्जा और पीएसयू शेयरों में खरीदारी देखने को मिली, वहीं आईटी सेक्टर के दिग्गज शेयरों में दबाव बना रहा।
दिग्गज शेयरों की बात करें तो ओएनजीसी, एनटीपीसी, कोल इंडिया, पावर ग्रिड कॉर्पोरेशन और रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर 1.69 प्रतिशत से लेकर 4.12 प्रतिशत तक की तेजी के साथ कारोबार कर रहे थे। दूसरी ओर इंफोसिस, टीसीएस, एचसीएल टेक्नोलॉजी, टेक महिंद्रा और विप्रो के शेयरों में 3.60 प्रतिशत से लेकर 6.09 प्रतिशत तक की गिरावट दर्ज की गई।
अब तक के कारोबार में शेयर बाजार में 2,742 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हो रही थी। इनमें से 1,938 शेयर हरे निशान में और 804 शेयर लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। सेंसेक्स के 30 में से 17 शेयर बढ़त के साथ जबकि 13 शेयर गिरावट के साथ कारोबार कर रहे थे। वहीं निफ्टी के 50 में से 38 शेयर हरे और 12 शेयर लाल निशान में बने हुए थे।
आज सेंसेक्स 487.07 अंक टूटकर 83,252.06 के स्तर पर खुला था, लेकिन शुरुआती खरीदारी से यह 83,885.87 तक पहुंच गया। बाद में बिकवाली के दबाव से सुबह 11 बजे सेंसेक्स 64.55 अंक गिरकर 83,674.58 पर कारोबार करता दिखा। वहीं निफ्टी 52.50 अंक गिरकर 25,675.05 पर खुला था और रिकवरी के बाद सुबह 11 बजे 17.30 अंक की बढ़त के साथ 25,744.85 के स्तर पर पहुंच गया।






