शेयर बाजार में शानदार रिकवरी, शुरुआती गिरावट के बाद हरे निशान में लौटे सेंसेक्स और निफ्टी
नई दिल्ली। घरेलू शेयर बाजार में गुरुवार को शुरुआती कारोबार के दौरान गिरावट के बाद मजबूत रिकवरी देखने को मिली। कारोबार की शुरुआत कमजोरी के साथ हुई, लेकिन कुछ ही देर बाद खरीदारी बढ़ने से सेंसेक्स और निफ्टी दोनों प्रमुख सूचकांक हरे निशान में लौट आए।
सुबह 10 बजे तक के कारोबार में बीएसई सेंसेक्स 8.17 अंक की मामूली बढ़त के साथ 74,354.34 अंक पर कारोबार कर रहा था, जबकि एनएसई निफ्टी 2.75 अंक की बढ़त के साथ 23,408.35 अंक के स्तर पर पहुंच गया। दोनों सूचकांक लगभग 0.01 प्रतिशत की सांकेतिक मजबूती के साथ कारोबार करते नजर आए।
कारोबार की शुरुआत में सेंसेक्स 410.34 अंक की गिरावट के साथ 73,935.83 अंक पर खुला था। शुरुआती बिकवाली के दबाव में यह 73,807.30 अंक तक फिसल गया, लेकिन बाद में निवेशकों की खरीदारी बढ़ने से बाजार ने तेजी से रिकवरी की। इसी तरह निफ्टी भी 123.15 अंक की कमजोरी के साथ 23,282.45 अंक पर खुला और 23,247.30 अंक तक गिरने के बाद संभल गया।
बाजार में सबसे ज्यादा मजबूती अदानी एंटरप्राइजेज, एटरनल, टाइटन कंपनी, टेक महिंद्रा और अदानी पोर्ट्स के शेयरों में देखने को मिली। ये शेयर 1.53 प्रतिशत से लेकर 0.84 प्रतिशत तक की बढ़त के साथ कारोबार करते रहे।
दूसरी ओर ट्रेंट लिमिटेड, टीएमपीवी, आयशर मोटर्स, हिंडाल्को इंडस्ट्रीज और इन्फोसिस के शेयरों में दबाव बना रहा। इन कंपनियों के शेयर 2.38 प्रतिशत से लेकर 1.12 प्रतिशत तक की गिरावट के साथ कारोबार कर रहे थे।
बाजार की चौड़ाई भी सकारात्मक रही। सुबह 10 बजे तक बीएसई और एनएसई पर कुल 2,688 शेयरों में कारोबार हुआ, जिनमें 1,696 शेयर बढ़त के साथ हरे निशान में रहे, जबकि 992 शेयरों में गिरावट दर्ज की गई।
सेंसेक्स की 30 कंपनियों में से 16 शेयर बढ़त में और 14 शेयर गिरावट में कारोबार कर रहे थे। वहीं निफ्टी के 50 शेयरों में से 23 शेयरों में तेजी और 27 शेयरों में कमजोरी दर्ज की गई।
विशेषज्ञों का मानना है कि शुरुआती बिकवाली के बावजूद बाजार में खरीदारी का रुख निवेशकों के सकारात्मक विश्वास को दर्शाता है। वैश्विक संकेतों और निवेशकों की गतिविधियों पर दिनभर बाजार की दिशा निर्भर रहेगी।
