हरे निशान पर खुला शेयर बाजार, सेंसेक्स 138 अंक उछला

घरेलू शेयर बाजार ने सप्ताह के तीसरे कारोबारी दिन बुधवार को हरे निशान पर शुरुआत की। पश्चिम एशिया में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव के बावजूद बाजार में शुरुआती कारोबार के दौरान तेजी देखने को मिली।

बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का सेंसेक्स 137.64 अंक यानी 0.18 प्रतिशत की बढ़त के साथ 74,696.88 के स्तर पर कारोबार करता दिखा। वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी भी 66.25 अंक यानी 0.28 प्रतिशत की तेजी के साथ 23,445.80 के स्तर पर पहुंच गया।

सेंसेक्स में शामिल कंपनियों में एशियन पेंट्स, अदाणी पोर्ट्स, टाटा स्टील और कोटक महिंद्रा बैंक के शेयरों में तेजी दर्ज की गई। वहीं एनटीपीसी, बजाज फाइनेंस, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, पावर ग्रिड, टाइटन और एक्सिस बैंक के शेयर दबाव में रहे।

एशियाई बाजारों में भी सकारात्मक रुख देखने को मिला। दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की 225, चीन का एसएसई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंग सेंग बढ़त के साथ कारोबार कर रहे हैं। दूसरी ओर अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड का भाव करीब 106.6 डॉलर प्रति बैरल के स्तर पर पहुंच गया है।

उल्लेखनीय है कि मंगलवार को घरेलू शेयर बाजार लगातार चौथे कारोबारी सत्र में गिरावट के साथ बंद हुआ था। सेंसेक्स 1,456 अंक टूटकर 74,559 पर बंद हुआ था, जबकि निफ्टी 436 अंक गिरकर 23,379 के स्तर पर पहुंच गया था।

Share

Similar Posts