शेयर बाजार में भारी गिरावट: सेंसेक्स 1400+ अंक टूटा, निफ्टी भी 2% से ज्यादा कमजोर

वैश्विक बाजारों में बढ़ती अनिश्चितता और डोनाल्ड ट्रम्प के ईरान को लेकर आक्रामक रुख का असर भारतीय शेयर बाजार पर भी साफ नजर आ रहा है। गुरुवार को शुरुआती कारोबार में घरेलू बाजार में जबरदस्त गिरावट देखने को मिली।
सुबह 10 बजे तक BSE Sensex करीब 2.04 प्रतिशत टूटकर 71,641.35 अंक के स्तर पर पहुंच गया, जबकि Nifty 50 2.12 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 22,197.75 अंक पर कारोबार करता नजर आया।
आज बाजार की शुरुआत ही कमजोरी के साथ हुई थी। सेंसेक्स 872 अंक की गिरावट के साथ खुला और शुरुआती कारोबार में बिकवाली का दबाव लगातार बढ़ता गया। इसी तरह निफ्टी ने भी करीब 296 अंक गिरकर दिन की शुरुआत की और बाद में गिरावट और गहरी हो गई।
बाजार में भारी बिकवाली के बीच चुनिंदा आईटी शेयरों में मजबूती देखने को मिली। टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) और एचसीएल टेक्नोलॉजीज के शेयर हल्की बढ़त के साथ हरे निशान में कारोबार कर रहे थे।
वहीं दूसरी ओर, इंटरग्लोब एविएशन, सन फार्मास्यूटिकल्स, अदानी पोर्ट्स, श्रीराम फाइनेंस और लार्सन एंड टूब्रो के शेयर 3 से 4 प्रतिशत तक टूटकर कारोबार करते नजर आए।
बाजार की चौड़ाई भी बेहद कमजोर रही। कुल 2,711 शेयरों में से केवल 398 शेयर ही हरे निशान में रहे, जबकि 2,313 शेयर गिरावट के साथ कारोबार कर रहे थे। Sensex के 30 शेयरों में से सिर्फ 2 और Nifty के 50 शेयरों में से मात्र 2 शेयर ही बढ़त में थे।
गौरतलब है कि पिछले कारोबारी दिन बाजार में जोरदार तेजी देखी गई थी, लेकिन आज वैश्विक तनाव के कारण निवेशकों में घबराहट का माहौल बन गया है। विशेषज्ञों का मानना है कि बाजार की दिशा फिलहाल अंतरराष्ट्रीय हालात और भू-राजनीतिक घटनाक्रम पर निर्भर करेगी।






