सेंधवा में स्कॉलरशिप के इंतजार में बीत गए कई साल: राधाकृष्ण नर्सिंग कॉलेज के छात्रों ने की जांच की मांग; कॉलेज की मान्यता पर सवाल

सेंधवा। राधाकृष्ण नर्सिंग कॉलेज के BSC नर्सिंग स्टूडेंट्स ने कॉलेज की मान्यता और स्कॉलरशिप से जुड़ी समस्याओं को लेकर प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। छात्रों ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने, जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई करने और उनकी पढ़ाई व भविष्य को सुरक्षित करने की मांग की है।
स्टूडेंट्स का कहना है कि सत्र 2020-21 और 2021-22 में उन्होंने कॉलेज में BSC नर्सिंग सिलेबस में प्रवेश लिया था। प्रवेश के दौरान कॉलेज प्रबंधन ने संस्थान को मान्यता प्राप्त और सूटेबल बताते हुए स्कॉलरशिप मिलने का भरोसा दिलाया था। कई विद्यार्थियों ने स्कॉलरशिप मिलने की उम्मीद में ही कॉलेज में प्रवेश लिया।
कई वर्षों बाद भी नहीं मिली स्कॉलरशिप
छात्रों ने आरोप लगाया कि प्रवेश के बाद कॉलेज प्रबंधन की ओर से लगातार स्कॉलरशिप लिंक शुरू होने की बात कही जाती रही, लेकिन कई साल बीतने के बाद भी उन्हें स्कॉलरशिप का लाभ नहीं मिल पाया। छात्रों के अनुसार इस समस्या को लेकर कॉलेज प्रबंधन की ओर से कोई ठोस समाधान नहीं किया गया।
जांच में कॉलेज की मान्यता पर सवाल
छात्रों ने बताया कि वर्ष 2022-23 में हुई जांच के दौरान कॉलेज को अनसूटेबल पाया गया था। इसके बाद भी प्रबंधन की ओर से कॉलेज की स्थिति सुधारने और स्कॉलरशिप लिंक दोबारा शुरू होने का आश्वासन दिया जाता रहा, लेकिन अभी तक समस्या का समाधान नहीं हुआ है।
प्रशासन से कार्रवाई की मांग
ज्ञापन में छात्रों ने मांग की है कि प्रशासन पूरे मामले की जांच कर यह स्पष्ट करे कि प्रवेश के समय कॉलेज की मान्यता और सूटेबिलिटी को लेकर छात्रों को सही जानकारी दी गई थी या नहीं। साथ ही छात्रवृत्ति की समस्या का जल्द निराकरण कर विद्यार्थियों के भविष्य को सुरक्षित किया जाए।
छात्रों का कहना है कि उन्होंने कॉलेज प्रबंधन के भरोसे पर अपनी पढ़ाई जारी रखी, लेकिन लंबे समय से परेशानियों का सामना कर रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से जल्द कार्रवाई की उम्मीद जताई है।