सीहोर में शिक्षा विभाग के लंबित कार्यों के लिए आज से लगेंगे विशेष कैंप, प्राचार्यों की उपस्थिति अनिवार्य

मध्य प्रदेश के सीहोर जिले में शिक्षा विभाग से जुड़े लंबित कार्यों को समय सीमा में पूरा करने के लिए आज गुरुवार से विशेष कैंप (Sehore School Camp) शुरू किए जा रहे हैं। इन कैंपों का आयोजन जिले के सभी विकासखंडों बुधनी, भैरूंदा, सीहोर, आष्टा और इछावर में निर्धारित उत्कृष्ट उच्च माध्यमिक विद्यालयों और सांदीपनि स्कूलों में किया जाएगा।
जिला शिक्षा अधिकारी संजय सिंह तोमर ने जानकारी देते हुए बताया कि कैंप प्रतिदिन सुबह 10:30 बजे से निरंतर लगाए जाएंगे। इनका उद्देश्य शिक्षा विभाग से संबंधित सभी लंबित कार्यों को शीघ्रता से पूरा करना है। इस दौरान सभी शासकीय एवं अशासकीय स्कूलों के प्राचार्यों की उपस्थिति अनिवार्य होगी।
कैंप में जल गंगा संवर्धन अभियान, डब्ल्यूओडब्ल्यू एप अपडेट, लैपटॉप खाते का अपडेशन, छात्र नामांकन, ई-सर्विस बुक अपडेट, पोर्टल 3.0 एंट्री, सर्विस रिकॉर्ड अपडेट, साइकिल वितरण, पाठ्यपुस्तक वितरण, फेल्ड अकाउंट सुधार और छात्रवृत्ति (Scholarship Update) जैसे लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा।
जिला शिक्षा अधिकारी के अनुसार, कैंप में संस्था प्राचार्य, संबंधित शिक्षक और कंप्यूटर ऑपरेटर उपस्थित रहकर स्कूल पोर्टल से संबंधित सभी लंबित कार्यों का निष्पादन करेंगे। अधिकारियों द्वारा कार्यों का नियमित निरीक्षण और प्रतिदिन समीक्षा भी की जाएगी।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कार्य समय सीमा में पूर्ण नहीं होने या कैंप में अनुपस्थित रहने पर संबंधित प्राचार्य का एक दिन का वेतन काटा जाएगा और आवश्यक प्रशासनिक कार्रवाई भी की जाएगी।
इसके लिए सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारियों को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है, जो कक्षा 1 से 12वीं तक के सभी कार्यों की निगरानी करेंगे। उल्लेखनीय है कि लोक शिक्षण संचालनालय ने सीहोर जिले को शिक्षा विभाग से संबंधित लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश जारी किए हैं।






