|

सांसद पप्पू यादव बने पुजारी: राहुल ने दानपेटी में डाला चंदा; पूछा- अमित शाह संसद से गायब क्यों

नई दिल्ली। राम मंदिर चढ़ावा चोरी को लेकर विपक्षी सांसदों ने प्रदर्शन किया। इस दौरान सांसद पप्पू यादव पुजारी के वेश में दानपेटी लेकर पहुंचे। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी समेत विपक्षी दलों के सांसदों ने प्रतीकात्मक रूप से दानपेटी में चंदा डालकर विरोध दर्ज कराया।

इस दौरान विपक्षी सांसदों ने बैनर भी प्रदर्शित किए, जिन पर “अमित शाह संसद से गायब क्यों” जैसे नारे लिखे थे। विपक्ष ने सरकार से इस मुद्दे पर जवाब देने की मांग की।

3 अगस्त तक स्थगित लोकसभा 
आज लोकसभा की कार्यवाही सुबह 11 बजे शुरू हुई। विपक्ष के हंगामे के कारण सदन को पहले दोपहर 12 बजे तक स्थगित करना पड़ा। दोबारा कार्यवाही शुरू होने पर केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने जन्म-मृत्यु पंजीकरण (संशोधन) विधेयक, 2026 को पारित करने का प्रस्ताव रखा। विधेयक ध्वनिमत से पारित हो गया। इसके बाद लगातार हंगामे के बीच लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही 3 अगस्त तक के लिए स्थगित कर दी गई।

विशेषाधिकार हनन का प्रस्ताव पेश किया
इस बीच कांग्रेस ने केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह के संसद में दिए गए बयान को लेकर उनके खिलाफ विशेषाधिकार हनन का प्रस्ताव पेश किया। कांग्रेस का आरोप है कि मंत्री ने जंतर-मंतर और संसद मार्च के दौरान प्रदर्शनकारियों पर फायरिंग नहीं होने संबंधी भ्रामक बयान दिया।

विपक्ष चर्चा में शामिल होने के बजाय हंगामा करता है
संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने विपक्ष से सदन की कार्यवाही में भाग लेने की अपील करते हुए कहा कि सरकार चर्चा चाहती है, लेकिन विपक्ष चर्चा में शामिल होने के बजाय हंगामा करता है। उन्होंने कहा कि भविष्य में विधेयकों पर सार्थक चर्चा होनी चाहिए।

राहुल गांधी के खिलाफ विशेषाधिकार हनन नोटिस भेजा
भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को विपक्ष के राहुल गांधी के खिलाफ विशेषाधिकार हनन और सदन की अवमानना का नोटिस सौंपा है। अनुराग ठाकुर का आरोप है कि राहुल गांधी ने गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ असंसदीय और अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल करते हुए गंभीर और निराधार आरोप लगाए।

Share