22 साल की टीवी एक्ट्रेस संचिता उगले का निधन, घर में फंदे से लटका मिला शव
टीवी अभिनेत्री संचिता उगले का सोमवार को निधन हो गया। वह 22 वर्ष की थीं। पुलिस के अनुसार, उनका शव महाराष्ट्र के पालघर स्थित घर में सीलिंग फैन से लटका हुआ मिला। प्रारंभिक जांच में कोई संदिग्ध परिस्थिति सामने नहीं आई है और घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट भी बरामद नहीं हुआ।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटना के समय संचिता घर में अकेली थीं। उनके पिता ने भी किसी व्यक्ति को उनकी मौत के लिए जिम्मेदार नहीं ठहराया है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच जारी है। निधन से कुछ घंटे पहले ही संचिता ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक रील पोस्ट की थी, जिसमें वह ‘डफली वाले, डफली बजा’ गाने पर लिपसिंक करती नजर आई थीं। वीडियो के कैप्शन में उन्होंने लिखा था, “मैं नाचूं, तू नचा।”
संचिता सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय थीं और उनके इंस्टाग्राम पर करीब 1.39 लाख फॉलोअर्स थे। उनके निधन की खबर के बाद फैंस सोशल मीडिया पर उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं।
कई बड़े धारावाहिक टीवी सेरिअल्स में भी किया था काम
संचिता उगले ‘कुमकुम भाग्य’, ‘वागले की दुनिया’, ‘साजन घर में’ और ‘दिलवाली दूल्हा ले जाएगी’ जैसे टीवी शोज में काम कर चुकी थीं और टीवी इंडस्ट्री का उभरता हुआ चेहरा मानी जाती थीं।
