|

समृद्धि यात्रा: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मुजफ्फरपुर को दी 853 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं की सौगात

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने समृद्धि यात्रा के क्रम में आज मुजफ्फरपुर जिले को बड़ी विकास सौगात दी। मुख्यमंत्री ने जिले में 853 करोड़ रुपये की लागत से संचालित 172 विकास योजनाओं का रिमोट के माध्यम से उद्घाटन, शिलान्यास और कार्यारंभ किया।

अहियापुर स्थित कृषि उत्पादन बाजार समिति परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने बताया कि इन योजनाओं में 212 करोड़ रुपये की लागत से 47 योजनाओं का उद्घाटन, 194 करोड़ रुपये की लागत से 89 योजनाओं का शिलान्यास तथा 447 करोड़ रुपये की लागत से 36 योजनाओं का कार्यारंभ शामिल है।

सड़क और पुल परियोजनाओं का लिया जायजा

मुख्यमंत्री ने निरीक्षण के दौरान मुशहरी प्रखंड में चांदनी चौक (एनएच-28) से बरखी पथ (एनएच-57) तक चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य का जायजा लिया। अधिकारियों ने बताया कि अब तक 15 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है और शेष कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरा कर लिया जाएगा।

इसके अलावा पूर्वी रिंग रोड, गोबरसही चौक से माड़ीपुर पावर हाउस चौक, रामदयालु नगर आरओबी, मधौल-रामदयालु पथ चौड़ीकरण, सबहा चौक से मरीचा पथ निर्माण, चंदवारा बांध आरसीसी पुल, लखनदेई नदी पर पुल निर्माण सहित कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी दी गई।

बैरिया बस स्टैंड का होगा नामकरण

अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि मुजफ्फरपुर के बैरिया बस स्टैंड का नामकरण अमर शहीद बैकुंठ शुक्ल के नाम पर किया जाएगा। इस परियोजना का लगभग 63 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है और इसके लिए अधिसूचना जारी कर दी गई है।

बाजार समिति परिसर का उद्घाटन

मुख्यमंत्री ने अहियापुर कृषि उत्पादन बाजार समिति के फेज-2 निर्माण एवं जीर्णोद्धार कार्य का फीता काटकर उद्घाटन किया। इस चरण में प्रशासनिक भवन, निबंधन कार्यालय, कैंटीन, वर्कर रेस्ट शेड, शौचालय, लोडिंग प्लेटफॉर्म एवं व्यावसायिक भवन सहित आधुनिक सुविधाएं विकसित की गई हैं।

जीविका समूहों को 406 करोड़ की सहायता

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने जीविका से जुड़ी 27,628 स्वयं सहायता समूहों को बैंकों द्वारा वित्तीय सहायता हेतु 406 करोड़ रुपये का सांकेतिक चेक भी लाभुकों को प्रदान किया।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी योजनाओं को गुणवत्ता के साथ और तय समय सीमा में पूरा किया जाए, ताकि जिले के विकास को नई गति मिल सके।

Share

Similar Posts