यूक्रेन के ड्रोन हमले के बाद रूस का बड़ा पलटवार, कीव पर बैलिस्टिक मिसाइलों से हमला

Russia और Ukraine के बीच जारी युद्ध के बीच रविवार तड़के रूस ने यूक्रेन की राजधानी Kyiv पर बड़ा हवाई हमला किया। यह हमला पूर्वी यूक्रेन में रूस के कब्जे वाले इलाकों में हुए ड्रोन हमलों के बाद किया गया। रूस ने राजधानी कीव के कई हिस्सों को निशाना बनाते हुए चार स्थानों पर बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं, जिसमें कम से कम पांच लोग घायल हो गए।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, हमले के दौरान एक रिहायशी इमारत को नुकसान पहुंचा और कई इलाकों में आग लग गई। राजधानी के बीच स्थित एक भूमिगत मेट्रो स्टेशन में दर्जनों लोगों ने शरण ली, जबकि प्रशासन ने लोगों को सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की।

कीव शहर के सैन्य प्रशासन प्रमुख Tymur Tkachenko ने टेलीग्राम पर जानकारी देते हुए कहा कि राजधानी पर बड़े पैमाने पर बैलिस्टिक मिसाइल हमला हुआ है। उनके अनुसार, शेवचेनकीव्स्की, निप्रोव्स्की और पोडिल्स्की जिलों में आग लगने और रिहायशी इमारतों को नुकसान पहुंचने की सूचना मिली है। एक घायल व्यक्ति को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि बैलिस्टिक मिसाइल का खतरा अभी भी बना हुआ है।

उल्लेखनीय है कि यूक्रेन के अधिकारियों और अमेरिकी दूतावास ने पहले ही राजधानी कीव पर बड़े हमले की आशंका जताई थी। प्रशासन के मुताबिक, पोडिल्स्की जिले में मलबा गिरने के बाद मेडिकल टीमों को तैनात किया गया है, जबकि शेवचेनकीव्स्की इलाके में एक रिहायशी इमारत के पास आग लगने की सूचना सामने आई है।

इससे पहले रूस के विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार को चेतावनी दी थी कि ड्रोन हमलों के जिम्मेदार लोगों को कड़ी सजा दी जाएगी। वहीं यूक्रेन के राष्ट्रपति Volodymyr Zelenskyy और कीव स्थित अमेरिकी दूतावास ने शनिवार को रूस के बड़े हवाई हमले की संभावना को लेकर अलर्ट जारी किया था। जेलेंस्की ने कहा था कि कीव और अन्य क्षेत्रों में एक साथ हमले की तैयारी के संकेत मिल रहे हैं।

Share

Similar Posts