चार दिवसीय प्रवास पर लखनऊ पहुंचे सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत, कार्यकर्ताओं का करेंगे प्रबोधन
Mohan Bhagwat राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के सरसंघचालक डॉ. मोहन राव भागवत चार दिवसीय प्रवास पर लखनऊ पहुंच गए हैं। अपने इस दौरे के दौरान वे सरस्वती कुंज, निराला नगर में चल रहे पूर्वी उत्तर प्रदेश क्षेत्र के कार्यकर्ता विकास वर्ग प्रथम में शामिल होंगे और प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे कार्यकर्ताओं का प्रबोधन करेंगे।
संघ के इस विशेष प्रशिक्षण वर्ग में सरसंघचालक बौद्धिक सत्र को संबोधित करेंगे। साथ ही वे प्रवचन सत्र में भी भाग लेंगे। जानकारी के अनुसार, डॉ. मोहन भागवत 26 मई तक इस प्रशिक्षण वर्ग में उपस्थित रहेंगे और कार्यकर्ताओं को वैचारिक मार्गदर्शन देंगे।
निराला नगर में आयोजित कार्यकर्ता विकास वर्ग प्रथम में नेपाल राष्ट्र सहित अवध, कानपुर, गोरक्ष और काशी प्रांत के कुल 289 कार्यकर्ता प्रशिक्षण ले रहे हैं। यह वर्ग संगठनात्मक और वैचारिक प्रशिक्षण के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है।
इस प्रशिक्षण वर्ग में देवेंद्र अस्थान को वर्ग कार्यवाह, मिथिलेश नारायण को क्षेत्र के बौद्धिक शिक्षण प्रमुख तथा रासबिहार को सह वर्ग कार्यवाह की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं अनिल क्षेत्र प्रचारक के रूप में पूरे समय प्रशिक्षण वर्ग में उपस्थित रहकर मार्गदर्शन दे रहे हैं।






