शिमला के रोहड़ू में चिट्टा और 7,800 रुपये नकदी के साथ युवक पकड़ा, एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज

शिमला जिले के रोहड़ू क्षेत्र में नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चल रही कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक युवक को चिट्टा और नकदी के साथ पकड़ा है।
पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई गश्त के दौरान मिली गुप्त सूचना के आधार पर की गई। हिमाचल प्रदेश पुलिस की थाना रोहड़ू टीम मंगलवार शाम क्षेत्र में गश्त कर रही थी, तभी एक विश्वसनीय मुखबिर ने सूचना दी कि कमल चौहान नाम का व्यक्ति एम.डी. वॉशिंग सेंटर, लंबाखातल के पास चिट्टा बेचने और खरीदने में संलिप्त है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कानूनी प्रक्रिया का पालन करते हुए संदिग्ध की तलाशी ली। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 1.79 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया गया। इसके अलावा 7,800 रुपये नकद भी जब्त किए गए।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार बरामद चिट्टे की मात्रा कम होने के कारण पूछताछ के बाद आरोपी को नोटिस पर रिहा कर दिया गया है। हालांकि मामले की जांच जारी है और इस संबंध में थाना रोहड़ू में मादक द्रव्य एवं मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम (NDPS Act) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।






