रोहित शर्मा के संन्यास की चर्चाओं पर BCCI का बड़ा बयान, कहा लॉर्ड्स वनडे के बाद भी टीम इंडिया के लिए खेलेंगे

इंग्लैंड बनाम इंडिया के तीसरे वनडे मैच को रोहित शर्मा के करियर का आखरी मैच बताया जा रहा था, जिसपर सचिव देवजीत सैकिया ने तोड़ी चुप्पी , और अफवाहों पर लगाया विराम।
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने टीम इंडिया के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा के वनडे क्रिकेट से संन्यास लेने की अफवाहों पर आखिरकार अपनी प्रतिक्रिया दे दी है। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स में खेला जाने वाला तीसरा वनडे रोहित शर्मा का आखिरी अंतरराष्ट्रीय मुकाबला नहीं होगा। BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने साफ शब्दों में कहा कि रोहित के भविष्य को लेकर जो चर्चाएं चल रही हैं, उनका कोई आधार नहीं है और वह आगे भी भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करते रहेंगे।
मीडिया में रोहित शर्मा के करियर को लेकर कई तरह की बातें सामने आ रही हैं, लेकिन ऐसी कोई चर्चा BCCI में नहीं हुई है कि लॉर्ड्स वनडे उनके अंतरराष्ट्रीय करियर का अंतिम मैच होगा। उन्होंने कहा कि रोहित आगे भी भारत के लिए खेलते रहेंगे।
चर्चाओं की वजह क्या रही?
1. 2027 विश्व कप की योजना से जुड़ी खबरें
कुछ रिपोर्ट्स में कहा गया था कि भारतीय चयनकर्ता 2027 वनडे विश्व कप को ध्यान में रखते हुए नई टीम तैयार करना चाहते हैं। इसी वजह से रोहित शर्मा के भविष्य को लेकर अटकलें तेज हो गई थीं। हालांकि बोर्ड की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई थी।
2. इंग्लैंड दौरे पर उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं
इंग्लैंड के खिलाफ मौजूदा वनडे श्रृंखला के शुरुआती दो मुकाबलों में रोहित शर्मा के बल्ले से बड़ी पारी नहीं निकली। पहले मैच में उन्होंने 11 रन बनाए, जबकि दूसरे वनडे में उनका स्कोर 26 रन रहा। इसके बाद उनके भविष्य को लेकर चर्चाओं ने और जोर पकड़ लिया। सोशल मीडिया पर रोहित शर्मा के रिटायरमेंट को लेकर चर्चाएं जोर शोर से हो रही थी।
3. युवा खिलाड़ियों को अधिक अवसर मिलने की चर्चा
रिपोर्ट्स में यह भी कहा गया कि चयनकर्ता भविष्य की टीम तैयार करने के लिए यशस्वी जायसवाल जैसे युवा खिलाड़ियों को वनडे टीम में ज्यादा मौके देना चाहते हैं। इसी कारण रोहित शर्मा की जगह को लेकर सवाल उठने लगे।
वनडे में शानदार रहा है रोहित का सफर
रोहित शर्मा का वनडे करियर भारतीय क्रिकेट के सबसे सफल अध्यायों में गिना जाता है। उन्होंने अब तक 287 वनडे मैचों में 11,757 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से 33 शतक और 62 अर्धशतक निकले हैं। वनडे इतिहास में तीन दोहरे शतक लगाने वाले वह दुनिया के इकलौते बल्लेबाज हैं।
कप्तानी में भारत ने जीते दो ICC खिताब
रोहित शर्मा की कप्तानी में भारतीय टीम ने लगातार आक्रामक क्रिकेट खेलते हुए नई पहचान बनाई। उनके नेतृत्व में भारत ने 2024 का टी-20 विश्व कप और 2025 की चैंपियंस ट्रॉफी अपने नाम की। इसके अलावा 2018 और 2023 एशिया कप में भी टीम इंडिया ने खिताब जीता।
कप्तान के तौर पर भी बनाया खास रिकॉर्ड
रोहित शर्मा भारत के सबसे सफल कप्तानों में शामिल हैं। उन्होंने 2017 से 2025 के बीच तीनों प्रारूपों में कुल 142 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में कप्तानी की, जिनमें भारत ने 103 मैचों में जीत दर्ज की। वनडे में 56 मैचों में 42 जीत, टी-20 अंतरराष्ट्रीय में 62 मुकाबलों में 49 जीत और टेस्ट क्रिकेट में 24 मैचों में 12 जीत उनके नेतृत्व में भारत के खाते में आई।