रोहित का फॉर्म भारत के लिए चिंता या सिर्फ़ एक बुरा दौर?
भारतीय टीम ने शनिवार को अफ़ग़ानिस्तान के खिलाफ़ शानदार प्रदर्शन करते हुए 7 विकेट से जीत दर्ज की, लेकिन मैच के बाद चर्चा का विषय बना रोहित शर्मा का हालिया फॉर्म। रोहित एक बार फिर बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे और 16 गेंदों में 16 रन बनाकर रनआउट हो गए।
हाल के महीनों में रोहित का प्रदर्शन उम्मीदों के मुताबिक नहीं रहा है। आईपीएल में भी उनका बल्ला खामोश रहा, जहां उन्होंने 9 पारियों में दो अर्धशतकों की मदद से 283 रन बनाए। वहीं न्यूजीलैंड के खिलाफ़ हालिया वनडे श्रृंखला में भी वह तीन मैचों में केवल 61 रन ही जुटा सके। हालांकि इससे पहले दक्षिण अफ्रीका के विरुद्ध वनडे सीरीज में उन्होंने दो अर्धशतक लगाकर अपनी उपयोगिता साबित की थी।
मुश्किल दौर से उबरने का लंबा इतिहास
रोहित शर्मा के करियर की सबसे बड़ी विशेषता यह रही है कि उन्होंने हर कठिन दौर के बाद दमदार वापसी की है। अपने लगभग 19 वर्ष लंबे अंतरराष्ट्रीय करियर में कई बार उनके फॉर्म और भविष्य पर सवाल उठे, लेकिन हर बार उन्होंने मैदान पर प्रदर्शन से आलोचकों को जवाब दिया।
चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के शुरुआती मुकाबलों में रोहित संघर्ष करते नजर आए थे, लेकिन फाइनल में शानदार पारी खेलकर ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ का पुरस्कार अपने नाम किया। इसके बाद जब उन्हें वनडे टीम की कप्तानी से हटाया गया, तो उनके करियर को लेकर कई तरह की अटकलें लगाई जाने लगीं। इसी दौरान उन्होंने टेस्ट क्रिकेट से भी संन्यास की घोषणा कर दी थी।
हालांकि रोहित ने एक बार फिर अपनी क्षमता का परिचय देते हुए कुछ ही महीनों बाद ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ़ वनडे श्रृंखला में शानदार वापसी की। उन्होंने तीन मैचों में एक शतक और एक अर्धशतक लगाया तथा ‘प्लेयर ऑफ द सीरीज’ चुने गए। हालांकि भारतीय टीम उस श्रृंखला को 2-1 से हार गई थी।
