रीवा में संजय गांधी अस्पताल में नशे में घुसे 5 युवक: डॉक्टर से मारपीट के आरोप; 50 रेजिडेंट डॉक्टरों धरने पर बैठे

रीवा। संजय गांधी अस्पताल में डॉक्टरों काम बंद किया। ICU वार्ड में शराब के नशे में पांच युवकों के घुसने और एक डॉक्टर के साथ मारपीट के विरोध में 50 रेजिडेंट डॉक्टरों ने अस्पताल के बाहर धरना शुरू कर दिया। डॉक्टर बीती रात 12 बजे अस्पताल के बाहर जमीन पर बैठ गए।
रेजिडेंट डॉक्टरों ने साफ कहा है कि जब तक जिम्मेदार अधिकारी उनसे बातचीत कर सुरक्षा को लेकर आश्वासन नहीं देते, तब तक उनका विरोध जारी रहेगा। इसके तहत OPD, मरीजों की देखरेख और इलाज से जुड़े कार्यों नहीं करने का ऐलान किया गया है।
ICU में घुसकर डॉक्टर से मारपीट का आरोप
रेजिडेंट डॉक्टरों का आरोप है कि पांच युवक शराब के नशे में ICU वार्ड के अंदर घुस आए। यहां उन्होंने एक डॉक्टर के साथ मारपीट की। घटना के बाद अस्पताल में काम कर रहे रेजिडेंट डॉक्टरों में नाराजगी बढ़ गई।
डॉक्टरों का कहना है कि अस्पताल में मरीजों की सेवा के दौरान उन्हें लगातार विवाद और असुरक्षा की स्थिति का सामना करना पड़ता है। ऐसे में अस्पताल परिसर में पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था होना बेहद जरूरी है।

बोले- 3-4 दिन तक लगातार करते हैं ड्यूटी
धरने पर बैठे डॉक्टरों ने कहा कि वे दिन-रात मरीजों की सेवा में जुटे रहते हैं। कई बार लगातार तीन से चार दिन तक बिना पर्याप्त आराम के मरीजों की देखभाल करनी पड़ती है।
डॉक्टरों का सवाल है कि जब वे अपनी जिम्मेदारी पूरी कर रहे हैं, तो अस्पताल परिसर में उनकी सुरक्षा की जिम्मेदारी कौन लेगा? डॉक्टरों ने अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

पहले भी महिला डॉक्टर से मारपीट का मामला
संजय गांधी अस्पताल में इससे पहले भी एक महिला डॉक्टर के साथ मारपीट और विवाद की घटना सामने आ चुकी है। डॉक्टरों का कहना है कि लगातार ऐसी घटनाओं के कारण उनमें असुरक्षा और नाराजगी बढ़ रही है।
इसी के विरोध में करीब 50 रेजिडेंट डॉक्टर अस्पताल के बाहर धरने पर बैठे हैं। डॉक्टरों की मांग है कि अस्पताल परिसर में उनकी सुरक्षा के लिए पुख्ता व्यवस्था की जाए, ताकि वे बिना डर के मरीजों का इलाज कर सकें।
