रीवा-सीधी मार्ग पर वाहन ने 6-7 गोवंश को रौंदा: 5 की मौत; हिंदू संगठनों ने रोड जाम किया

रीवा। रीवा-सीधी मार्ग पर लगातार दूसरे दिन गोवंश की सड़क हादसे में मौत के बाद हिंदू संगठनों और गौ सेवकों ने चक्काजाम कर दिया। गुढ़ थाना क्षेत्र के गुढ़वा पेट्रोल पंप के पास बीती रात तेज रफ्तार एक वाहन ने सड़क पर बैठे 6 से 7 गोवंश को रौंद दिया। हादसे में 5 गोवंश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कुछ घायल हुए हैं।
घटना से नाराज हिंदू संगठन और गौ सेवक सड़क पर बैठ गए। प्रदर्शनकारियों ने बीच सड़क पर कीर्तन शुरू कर दिया। इसके चलते रीवा-सीधी मार्ग पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही। लगातार दो दिन में गोवंश के साथ हुए हादसों से लोगों में आक्रोश है।
एक दिन पहले 12 गोवंश आए थे चपेट में
इससे एक दिन पहले भी रीवा-सीधी मार्ग पर कसई स्टैंड के पास करीब 12 गोवंश अज्ञात वाहन की चपेट में आ गए थे। लगातार दो दिन हुए हादसों के बाद सड़क पर घूम रहे गोवंश को लेकर प्रशासन की व्यवस्थाओं पर सवाल उठ रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर बैठे गोवंश के कारण वाहन चालकों के लिए भी दुर्घटना का खतरा बना रहता है। रात के समय तेज रफ्तार वाहनों से हादसे की आशंका और बढ़ जाती है।
गौशालाओं की व्यवस्था पर सवाल
स्थानीय नागरिकों और गौ सेवकों ने गौशालाओं की व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि क्षेत्र में गौशालाओं के संचालन के नाम पर हर महीने लाखों रुपए खर्च किए जा रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद बड़ी संख्या में गोवंश सड़कों पर घूम रहा है।
गौ सेवकों का कहना है कि जब गौशालाओं में गोवंश को रखने की व्यवस्था है, तो उन्हें सड़कों से हटाकर सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने की जिम्मेदारी भी प्रशासन को निभानी चाहिए।
‘दो दिन में बड़ी संख्या में गोवंश की मौत’
गोसेवक राधा मोहन ने बताया कि लगातार दो दिन में बड़ी संख्या में गोवंश सड़क हादसों का शिकार हो चुका है। उन्होंने कहा कि इस तरह सड़क हादसों में गोवंश की मौत होने से हिंदू समाज की धार्मिक भावनाएं आहत हो रही हैं।
उन्होंने प्रशासन से मांग की कि सड़कों पर घूम रहे गोवंश को तत्काल गौशालाओं में सुरक्षित पहुंचाया जाए और घायल गोवंश के इलाज की व्यवस्था की जाए।
वाहन की पहचान और कार्रवाई की मांग
हिंदू संगठनों और गौ सेवा से जुड़े कार्यकर्ताओं ने प्रशासन से सड़कों पर घूम रहे गोवंश को सुरक्षित तरीके से गौशालाओं तक पहुंचाने, घायल गोवंश का इलाज कराने और हादसे के जिम्मेदार अज्ञात वाहन की पहचान कर कार्रवाई करने की मांग की।
मांगों को लेकर लोगों ने सड़क पर चक्काजाम किया और बीच सड़क बैठकर कीर्तन किया। प्रदर्शन के कारण रीवा-सीधी मार्ग पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही।