रीवा में प्रसूता की मौत पर सिटी हॉस्पिटल के बाहर प्रदर्शन: पुलिस से हुई धक्का-मुक्की; कई लोग हिरासत में

रीवा। प्रसूता कल्पना मिश्रा की मौत के मामले में बुधवार को परिजन और समर्थकों ने निजी अस्पतालों के बाहर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी अस्पतालों में तालाबंदी की मांग कर रहे थे। इसी दौरान वे संजय गांधी अस्पताल के नवनियुक्त अधीक्षक प्रियंक शर्मा के निजी अस्पताल सिटी हॉस्पिटल के सामने भी पहुंचे, जहां पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में ले लिया।
सिटी हॉस्पिटल के बाहर प्रदर्शन के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई। इसके बाद पुलिस ने मौके से कुछ लोगों को हिरासत में लिया। कार्रवाई के दौरान महिलाओं को भी हिरासत में लिए जाने की बात सामने आई है। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें पुलिसकर्मी आम आदमी पार्टी के एक नेता को पकड़कर ले जाते दिखाई दे रहे हैं।

पुलिस बोली- कानून-व्यवस्था बिगड़ने की स्थिति थी
CSP राजीव पाठक के मुताबिक कुछ लोग बिना सूचना निजी अस्पताल के बाहर एकत्र होकर हंगामा कर रहे थे। भीड़ के कारण कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की स्थिति बन रही थी। पुलिस ने लोगों को समझाने की कोशिश की, लेकिन स्थिति नियंत्रित नहीं होने पर कुछ लोगों को हिरासत में लेकर धारा 151 के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।
प्रदर्शनकारियों ने कहा- न्याय की मांग को लेकर पहुंचे थे
प्रदर्शन में शामिल लोगों का कहना है कि वे कल्पना मिश्रा की मौत के मामले में न्याय की मांग को लेकर अस्पताल पहुंचे थे। उनका कहना है कि वे अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण तरीके से विरोध दर्ज करा रहे थे।

कार्रवाई का वीडियो सामने आया
पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हुई धक्का-मुक्की का वीडियो सामने आया है। पुलिस ने कार्रवाई को कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जरूरी बताया है, जबकि प्रदर्शनकारी इसे न्याय की मांग को लेकर किया गया विरोध बता रहे हैं।