एमराल्ड हाइट्स की शानदार जीत: हर्षिता लकवाल ने 10 अंक बनाए; गोल्डन इंटरनेशनल को 18-4 से हराया

इंदौर। हर्षिता लकवाल के 10 अंकों के सहारे मेजबान द एमराल्ड हाइट्स वर्ल्ड स्कूल ने गोल्डन इंटरनेशनल स्कूल, इंदौर पर 18-4 की आसान जीत के साथ एसजीएफआई शालेय जिला बास्केटबॉल चैंपियनशिप के अंडर-14 बालिका वर्ग से सेमीफाइनल में जगह बनाई। शिशुकुंज इंटरनेशनल स्कूल–झालारिया और डीपीएस निपानिया ने भी अंतिम चार में जगह बनाई। एमराल्ड हाइट्स वर्ल्ड स्कूल में आयोजित स्पर्धा बालक एवं बालिका वर्ग में लीग-कम-नॉकआउट पद्धति से खेली जा रही है।
बालिका वर्ग में एमराल्ड की आसान जीत
बालिका वर्ग के क्वार्टर फाइनल मुकाबले में द एमराल्ड हाइट्स वर्ल्ड स्कूल ने गोल्डन इंटरनेशनल स्कूल, इंदौर को 14 अंकों के अंतर से मात दी जिसमें समृद्धि राउत ने 6 और हर्षिता लकवाल ने 10 अंकों का महत्वपूर्ण योगदान दिया। गोल्डन इंटरनेशनल स्कूल की ओर से स्नेहा सोनी ने 4 अंक बनाए।

शिशुकुंज और डीपीएस निपानिया भी सेमीफाइनल में
एक अन्य क्वार्टर फाइनल में शिशुकुंज इंटरनेशनल स्कूल झालारिया ने सेंट स्कूल, इंदौर लाला राम नगर को 27-6 से पराजित किया। शिशुकुंज की किशोरी ने 10 अंक बनाए, जबकि सेंट अर्नाल्ड की भाव्या ने 4 अंक का योगदान दिया।
वहीं डीपीएस निपानिया ने आर्मी पब्लिक स्कूल को 18-13 से पराजित कर सेमीफाइनल में जगह बनाई। डीपीएस की ओर से विधि गुप्ता ने 8 और अविशी गुप्ता ने 6 अंक बनाए, जबकि आर्मी पब्लिक स्कूल की खुशी पूनिया ने 13 अंक का योगदान दिया।
तानिष्क ने 23 और शिवंजय ने 19 अंक बनाए
बालक वर्ग के क्वार्टर फाइनल मुकाबले रोमांचक रहे। अंतिम आठ के मुकाबले में डीपीएस निपानिया ने एनी बेसेंट स्कूल, इंदौर को 28-17 से पराजित किया। डीपीएस की ओर से शिवंजय ने 19 अंकों का योगदान दिया।
एक अन्य मुकाबले में द एमराल्ड हाइट्स इंटरनेशनल स्कूल ने न्यू डिगंबर पब्लिक स्कूल को 23-13 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। एमराल्ड हाइट्स की ओर से तानिष्क कबरा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 23 अंक बनाए। वहीं शिशुकुंज इंटरनेशनल स्कूल झालारिया ने डीपीएस राऊ को 19-6 से शिकस्त दी। शिशुकुंज की ओर से कियान पाटनी ने 12 जबकि डीपीएस राऊ की ओर से लविश ने 6 अंक बनाए।