MP में 7,500 पुलिस आरक्षकों की भर्ती: 22 सितंबर से आवेदन, गृह जिले में पोस्टिंग नहीं; चयनित यूनिट में 5 साल सेवा जरूरी

भोपाल। मध्यप्रदेश में पुलिस में नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी भर्ती सामने आई है। कर्मचारी चयन मंडल ने 7,500 पुलिस आरक्षकों की भर्ती प्रक्रिया का शेड्यूल जारी कर दिया है। इच्छुक अभ्यर्थी 22 सितंबर से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आवेदन की अंतिम तारीख 6 अक्टूबर निर्धारित की गई है।
इस भर्ती में एक खास नियम रखा गया है। चयन होने के बाद उम्मीदवार को उसके गृह जिले में पोस्टिंग नहीं दी जाएगी। आवेदन करते समय अभ्यर्थियों को प्रदेश के 55 जिलों में से अपनी पसंद की यूनिट का चयन करना होगा।
चुनी गई यूनिट में 5 साल रहना होगा
भर्ती प्रक्रिया में चयनित उम्मीदवार को जिस यूनिट में नियुक्ति मिलेगी, वहां कम से कम 5 साल तक सेवा करना अनिवार्य होगा। पांच साल की अवधि पूरी होने के बाद ही दूसरी यूनिट में ट्रांसफर का विकल्प मिल सकेगा।
आवेदन के दौरान उम्मीदवार को यह भी बताना होगा कि वह सामान्य आरक्षक पद के लिए आवेदन कर रहा है या विशेष सशस्त्र बल के आरक्षक पद के लिए।
रेलवे पुलिस में भी मिलेगी नियुक्ति
भर्ती से चयनित अभ्यर्थियों की पोस्टिंग प्रदेश की शासकीय रेल पुलिस इकाइयों में भी की जाएगी। इनमें GRP इंदौर, GRP जबलपुर और GRP भोपाल शामिल हैं।
परीक्षा में आधार से होगा बायोमेट्रिक सत्यापन
परीक्षा केंद्र पर अभ्यर्थियों की पहचान सुनिश्चित करने के लिए आधार आधारित बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन किया जाएगा। परीक्षा यदि अलग-अलग शिफ्ट में आयोजित होती है तो सभी शिफ्ट के परिणामों में अंकों का सामान्यीकरण यानी नॉर्मलाइजेशन लागू किया जाएगा।
भर्ती में शामिल होने वाले उम्मीदवारों को आवेदन से पहले पद, यूनिट चयन और अन्य जरूरी शर्तों को ध्यान से पढ़ने की सलाह दी गई है।