|

रीवा में नदी किनारे पेड़ से अटका मिला 12 साल की बच्ची का शव: हादसा या हत्या; पुलिस ने गुमशुदा बच्चियों की तलाश शुरू की

रीवा। बिछिया नदी में करीब 12 साल की बच्ची का शव पेड़ में फंसा मिला। नदी के तेज बहाव के साथ बहकर आया शव पेड़ में अटक गया था। स्थानीय लोगों की नजर पड़ने पर पुलिस को सूचना दी गई। सिविल लाइन पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को बाहर निकाला और कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

आसपास के जिलों में तलाश रही पुलिस
बच्ची की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों के साथ सीधी और सतना जिले में भी बच्चियों के गुम होने की जानकारी जुटा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हाल के दिनों में कहीं कोई बच्ची लापता तो नहीं हुई है। पहचान होने के बाद ही उसके घर और नदी तक पहुंचने की जानकारी सामने आ सकेगी।

थाना प्रभारी मनीषा उपाध्याय ने बताया कि करहिया घाट में बिछिया नदी के किनारे पेड़ में करीब 12 साल की बच्ची का शव फंसा मिला है। शव की पहचान नहीं हुई है और आसपास के जिलों में भी पूछताछ की जा रही है।

हादसा या हत्या, जांच जारी
फिलहाल बच्ची की मौत की वजह स्पष्ट नहीं है। पुलिस हादसे के साथ हत्या की आशंका को भी ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और बच्ची की पहचान के बाद ही मौत के वास्तविक कारण का पता चल सकेगा।

Share