|

रीवा में जर्जर बिल्डिंग का छज्जा गिरा, फूल व्यापारी की मौत: दुकान में बैठा था युवक; मलबे में दब गया

रीवा। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के कोठी कंपाउंड स्थित फूल मंडी में दीवार गिरने से युवक की मौत हो गई। अमरा कोठी की जर्जर बिल्डिंग का छज्जा और दीवार का हिस्सा अचानक भरभराकर गिर गया।

घटना बुधवार रात की है। मृतक की पहचान राकेश उपाध्याय उर्फ लली, निवासी बहुरी बांध के रूप में हुई है। राकेश की फूल मंडी में ‘सगुन फ्लावर’ के नाम से दुकान थी। हादसे के समय वह दुकान के अंदर बैठे थे। तभी ऊपर से दीवार और छज्जे का हिस्सा गिर गया। राकेश मलबे के नीचे दब गए।

जेसीबी की युवक को बाहर निकाला
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा। जेसीबी की मदद से मलबा हटाकर युवक को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

दुकान पुरानी होने के कारण पहले भी जताई थी आशंका
मृतक के चाचा राजाराम उपाध्याय ने बताया कि दुकान काफी पुरानी थी और उन्होंने पहले ही दीवार के पास दुकान लगाने को लेकर खतरे की आशंका जताई थी। उनका आरोप है कि अधिकारियों से शिकायत करने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की गई।हादसे के वक्त दुकान के आसपास 2-4 अन्य लोग भी मौजूद थे। छज्जा गिरते ही वे भाग गए।

पुलिस ने शुरू की जांच
हादसे की सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर लगातार हो रही तेज बारिश के कारण जर्जर बिल्डिंग का छज्जा और दीवार गिरने की बात सामने आ रही है। पुलिस और प्रशासन हादसे के कारणों की जांच कर रहे हैं।
Share