रीवा में अभय मिश्रा के बयान पर वाल्मीकि समाज नाराज: बोले- भावनाएं आहत, कार्रवाई हो; IG कार्यालय में सौंपा ज्ञापन

रीवा। विधायक अभय मिश्रा के बयान को लेकर वाल्मीकि समाज में नाराजगी। गुरुवार को समाज के प्रतिनिधि IG कार्यालय पहुंचे। वहां विधायक के बयान के खिलाफ ज्ञापन सौंपा। समाज के लोगों ने कहा कि सुंदर महिलाओं की डेड बॉडी के पोस्टमॉर्टम को लेकर की गई टिप्पणी से उनकी भावनाएं आहत हुई हैं।
प्रतिनिधियों ने पूरे मामले में संज्ञान लेकर उचित कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि सार्वजनिक जीवन में रहने वाले जनप्रतिनिधियों को किसी समाज की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए मर्यादित भाषा का इस्तेमाल करना चाहिए।

‘स्वच्छता और पोस्टमॉर्टम से जुड़े काम करते हैं’
ज्ञापन देने पहुंचे समाज के लोगों ने कहा कि वाल्मीकि समाज लंबे समय से स्वच्छता और पोस्टमॉर्टम से जुड़े कार्यों में अपनी जिम्मेदारी निभाता आ रहा है।
ये काम आसान नहीं हैं, लेकिन समाज के लोग स्वास्थ्य व्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं। समाज के प्रतिनिधियों का कहना है कि इन जिम्मेदारियों को निभाने वाले लोगों के सम्मान को लेकर किसी भी तरह की आपत्तिजनक टिप्पणी स्वीकार नहीं की जाएगी।
समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि वाल्मीकि समाज के लोगों को अक्सर दो कामों से जोड़कर देखा जाता है पोस्टमॉर्टम और साफ-सफाई। उनका कहना है कि समाज ने इन जिम्मेदारियों को हमेशा सेवा और काम के तौर पर निभाया है।उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति या समुदाय के सम्मान को ठेस पहुंचाने वाली टिप्पणी पर समाज चुप नहीं रहेगा।
IG से कार्रवाई की मांग
वाल्मीकि समाज के प्रतिनिधियों ने आईजी से मामले में संज्ञान लेने और विधायक अभय मिश्रा के बयान को लेकर आवश्यक कार्रवाई की मांग की।
प्रतिनिधियों ने कहा कि जनप्रतिनिधियों से समाज के सभी वर्गों के प्रति सम्मानजनक और जिम्मेदार भाषा के इस्तेमाल की अपेक्षा रहती है।

अस्पताल की व्यवस्थाओं को लेकर चल रहा विवाद
रीवा में अस्पतालों की व्यवस्थाओं को लेकर राजनीतिक विवाद चल रहा है। इसी दौरान विधायक अभय मिश्रा ने महिला मरीजों की डेड बॉडी और पोस्टमॉर्टम को लेकर बयान दिया था।
विधायक के इस बयान के बाद राजनीतिक स्तर पर भी प्रतिक्रियाएं सामने आईं। अब वाल्मीकि समाज ने आईजी कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपते हुए अपनी आपत्ति दर्ज कराई है।