रीवा में पुलिसकर्मी की गोली मारकर हत्या, दोस्त के घर पार्टी के दौरान वारदात; आरोपी फरार

मध्य प्रदेश के रीवा जिले में रविवार देर रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां मैहर जिले में पदस्थ एक पुलिसकर्मी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना समान थाना क्षेत्र के गड़रिया इलाके की बताई जा रही है। मृतक पुलिसकर्मी की पहचान राकेश पटेल के रूप में हुई है, जो हाल ही में मैहर के रामनगर थाना में पदस्थ किए गए थे।
दोस्त के घर पार्टी के दौरान चली गोली
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, राकेश पटेल अपने दोस्त के घर पार्टी में शामिल होने गए थे। इसी दौरान उनकी कनपटी में गोली लग गई। गोली लगने के बाद दोस्त ही उन्हें घायल अवस्था में संजय गांधी अस्पताल (SGMH) लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद से मृतक का दोस्त फरार बताया जा रहा है, जिसकी तलाश में पुलिस जुट गई है।
दो दिन पहले ही जॉइन किया था नया थाना
मृतक राकेश पटेल, रीवा के समान थाना क्षेत्र के निवासी थे और मैहर जिले के रामनगर थाना में हाल ही में पदस्थ हुए थे। जानकारी के मुताबिक, उन्होंने दो दिन पहले ही नया थाना जॉइन किया था। इससे पहले वह पुलिस लाइन और ताला थाना में भी सेवाएं दे चुके थे।
बताया जा रहा है कि घटना वाली रात उन्होंने थाना से बेटे की तबीयत खराब होने का हवाला देकर छुट्टी ली थी, जिसके बाद वह दोस्त के घर पहुंचे थे।
पुलिस जांच में जुटी, दोस्त पर शक
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधिकारी और समान थाना समेत अन्य थानों की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई।
रीवा एसपी गुरुकरण सिंह ने बताया कि मृतक के सिर में गोली लगी थी और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही घटना के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। उन्होंने कहा कि जिस घर में घटना हुई, वहां मृतक का करीब 10 साल पुराना पारिवारिक संबंध था।
फिलहाल पुलिस फरार आरोपी की तलाश कर रही है और पूरे घटनाक्रम की बारीकी से जांच जारी है।






