काबुल समेत कई इलाकों पर पाकिस्तान के हवाई हमले, अफगानिस्तान का पलटवार; चौकियों पर कब्जे का

पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच दशकों से चला आ रहा सीमा विवाद अब बड़े सैन्य संघर्ष में बदलता नजर आ रहा है। हालिया घटनाक्रम में पाकिस्तान द्वारा अफगान तालिबान के खिलाफ हवाई हमले किए जाने और उसके बाद अफगानिस्तान की जवाबी कार्रवाई के दावों ने क्षेत्रीय तनाव को और बढ़ा दिया है। दोनों देशों के बीच सीमा पर लगातार बमबारी और सैन्य गतिविधियां तेज हो गई हैं।

रिपोर्टों के अनुसार, पाकिस्तान ने अफगान तालिबान के खिलाफ ‘ऑपरेशन गजब-लिल-हक’ शुरू करते हुए शुक्रवार तड़के काबुल, कंधार और पक्तिया के कुछ इलाकों में कथित तालिबान रक्षा ठिकानों को निशाना बनाकर हवाई हमले किए। पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि पाकिस्तान अब और धैर्य नहीं रख सकता और आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।

इससे पहले अफगानिस्तान ने गुरुवार देर रात जवाबी कार्रवाई का दावा किया था। अफगान पक्ष के मुताबिक, डूरंड लाइन के पास पाकिस्तानी चौकियों को निशाना बनाते हुए करीब 55 पाकिस्तानी सैनिकों को मार गिराया गया और कई चौकियों पर कब्जा कर लिया गया। हालांकि इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।

तालिबान सरकार के प्रवक्ता जबिहुल्लाह मुजाहिद ने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि पाकिस्तानी सेना ने काबुल, कंधार और पक्तिया के कुछ इलाकों में हवाई हमले किए, लेकिन किसी बड़े नुकसान या हताहत की जानकारी नहीं है। वहीं अफगानिस्तान के पूर्व राष्ट्रपति हामिद करजई ने पाकिस्तान की कार्रवाई की निंदा करते हुए कहा कि अफगान लोग अपनी मातृभूमि की रक्षा के लिए एकजुट हैं और आक्रामकता का जवाब देंगे।

टोलो न्यूज के मुताबिक, अफगानिस्तान के रक्षा मंत्रालय ने दावा किया कि सेना प्रमुख फसीहुद्दीन फितरत के आदेश पर डूरंड रेखा के पास जवाबी सैन्य अभियान चलाया गया, जो गुरुवार रात तक जारी रहा। मंत्रालय के अनुसार, इस अभियान में पाकिस्तानी सेना के 55 सैनिक मारे गए, कई हथियार जब्त किए गए और कुछ सैनिकों को जिंदा पकड़ा गया। बयान में यह भी कहा गया कि अफगान बलों ने पाकिस्तान की 19 चेक पोस्ट पर कब्जा कर लिया।

अभियान के दौरान अफगान पक्ष को भी नुकसान हुआ। जानकारी के अनुसार, 8 अफगान सैनिकों की मौत हुई और 11 अन्य घायल हुए। वहीं तोरखम इलाके में शरणार्थियों के अस्थायी शिविर पर हुए हवाई हमले में महिलाओं और बच्चों सहित 13 लोगों के घायल होने की खबर है।

गौरतलब है कि पिछले सप्ताह पाकिस्तान ने अफगानिस्तान के कई इलाकों में एयर स्ट्राइक की थी, जिसे उसने आतंकवादी ठिकानों के खिलाफ कार्रवाई बताया था। अफगान प्रशासन का दावा है कि इन हमलों में महिलाओं और बच्चों समेत कम से कम 18 नागरिक मारे गए। पाकिस्तान का कहना था कि यह कार्रवाई हालिया आत्मघाती हमलों के बाद की गई थी।

विशेषज्ञों का मानना है कि यदि दोनों देशों के बीच तनाव जल्द कम नहीं हुआ तो यह संघर्ष व्यापक क्षेत्रीय अस्थिरता का कारण बन सकता है। फिलहाल दोनों पक्षों के दावों और जवाबी कार्रवाइयों के बीच हालात बेहद संवेदनशील बने हुए हैं।

Share

Similar Posts