धर्मांतरण मामले का मुख्य आरोपी मुठभेड़ में घायल, तमंचा-कारतूस बरामद

मीरजापुर के थाना देहात क्षेत्र में धर्मांतरण से जुड़े मामले में वांछित चल रहे मुख्य आरोपी को पुलिस ने देर रात हुई मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी है, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार उसकी हालत सामान्य है।
पुलिस ने बताया कि थाना देहात में धर्मांतरण से संबंधित दो मुकदमे दर्ज किए गए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सोमेन बर्मा के निर्देश पर चार विशेष टीमों का गठन किया गया था। अब तक इस मामले में दो जिम मालिक और दो जिम ट्रेनरों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
गुरुवार देर रात थाना देहात, एसओजी और सर्विलांस की संयुक्त टीम को सूचना मिली कि मुख्य आरोपी फरीद अहमद खड़ंजाफाल क्षेत्र में छिपा हुआ है। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी की। खुद को घिरा देख आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली आरोपी के बाएं पैर में लगी, जिसके बाद उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
घटनास्थल से एक अवैध 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है। घायल आरोपी की पहचान फरीद अहमद (28) निवासी पक्की सराय घंटाघर, थाना कोतवाली शहर के रूप में हुई है।
अपर पुलिस अधीक्षक नगर रितेश सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही इस प्रकरण में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और सभी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।






