रश्मिका मंदाना–विजय देवरकोंडा की शादी में दिखेगी दो संस्कृतियों की झलक, दो रीति-रिवाजों से होंगे विवाह

साउथ फिल्म इंडस्ट्री की चर्चित जोड़ी रश्मिका मंदाना और विजय देवरकोंडा की शादी को लेकर फैंस के बीच उत्साह चरम पर है। कपल के शादी समारोह की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं और सोशल मीडिया पर इससे जुड़ी झलकियां लगातार सामने आ रही हैं। हालांकि, इस खास मौके को दोनों ने बेहद निजी रखा है और केवल करीबी लोगों को ही समारोह में शामिल होने का मौका दिया गया है।
रिपोर्ट्स के अनुसार, यह शादी खास इसलिए भी है क्योंकि इसमें दो अलग-अलग सांस्कृतिक परंपराओं का संगम देखने को मिलेगा। जानकारी के मुताबिक, 26 फरवरी की सुबह दोनों तेलुगु हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार विवाह बंधन में बंधेंगे। इसके बाद शाम को कोडवा समुदाय की परंपराओं के अनुसार एक अलग समारोह आयोजित किया जाएगा, जो रश्मिका मंदाना की सांस्कृतिक जड़ों को दर्शाएगा।
शादी से पहले आयोजित एक खास रस्म में विजय देवरकोंडा की मां माधवी देवरकोंडा ने अपनी होने वाली बहू को परिवार की परंपरा के तहत खानदानी चूड़ियां भेंट कीं, जिसकी चर्चा सोशल मीडिया पर भी हो रही है। गौरतलब है कि कपल ने 22 फरवरी को सोशल मीडिया के जरिए अपने रिश्ते को आधिकारिक रूप से सार्वजनिक किया था, जिसके बाद से ही फैंस इस शादी का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे।
शादी समारोह में साउथ फिल्म इंडस्ट्री के कई करीबी चेहरे भी शामिल हो रहे हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, निर्देशक थारुन भास्कर, अभिनेत्री ईशा रेब्बा और स्टाइलिस्ट श्राव्या वर्मा पहले ही समारोह का हिस्सा बन चुके हैं। इसके अलावा फिल्म ‘द गर्लफ्रेंड’ से जुड़े राहुल रविंद्रन और आशिका रंगनाथ भी इस खास मौके पर मौजूद हैं।
दोनों सितारों की यह शादी न सिर्फ एक सेलिब्रिटी इवेंट बन गई है, बल्कि सांस्कृतिक विविधता और पारिवारिक परंपराओं के मेल की एक खूबसूरत मिसाल भी मानी जा रही है। अब फैंस को शादी की आधिकारिक तस्वीरों और वीडियो का इंतजार है, जो जल्द सामने आ सकते हैं।






