रश्मिका मंदाना के जन्मदिन पर ‘मायसा’ का नया दमदार लुक हुआ रिलीज, सोशल मीडिया पर तहलका

पैन-इंडिया फिल्म ‘मायसा’ को लेकर दर्शकों का उत्साह लगातार बढ़ता जा रहा है। फिल्म की मुख्य अभिनेत्री रश्मिका मंदाना के जन्मदिन के मौके पर मेकर्स ने उनका नया दमदार लुक जारी किया, जिसने सोशल मीडिया पर तुरंत सुर्खियाँ बटोर लीं।
मोनोक्रोम पोस्टर में रश्मिका का नया अवतार काफी इंटेंस और रॉ पावर से भरा दिख रहा है। उनके चेहरे पर धूल और खून के निशान उनके किरदार की भावनात्मक गहराई और निडरता को बखूबी दर्शाते हैं। यह लुक साफ संकेत देता है कि फिल्म में वह अपनी अब तक की ऑन-स्क्रीन इमेज से अलग दमदार और साहसी भूमिका निभाने वाली हैं।
मेकर्स ने पोस्टर शेयर करते हुए उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएँ दी और लिखा कि रश्मिका अपनी ग्रेस और आकर्षण के बाद अब गुस्से और ताकत के साथ दर्शकों के सामने आएंगी। इससे पहले रिलीज हुए फिल्म का फर्स्ट लुक और बैकग्राउंड स्कोर भी दर्शकों की उत्सुकता को और बढ़ा चुके हैं।
फिल्म अनफॉर्मुला फिल्म्स के बैनर तले बनी है और इसका निर्देशन रवींद्र पुल्ले ने किया है। यह एक इमोशनल एक्शन थ्रिलर है, जो आदिवासी इलाकों की पृष्ठभूमि पर आधारित है। संगीत जेक्स बिजॉय ने दिया है। ‘मायसा’ 2026 में सिनेमाघरों में रिलीज होगी और इसे साल की सबसे बहुप्रतीक्षित फिल्मों में से एक माना जा रहा है।






