रणजी ट्रॉफी फाइनल: जम्मू-कश्मीर 584 रन पर ऑलआउट, कर्नाटक के सामने बड़ी चुनौती

रणजी ट्रॉफी फाइनल में जम्मू-कश्मीर क्रिकेट टीम ने शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए पहली पारी में 584 रन बनाकर कर्नाटक के सामने बड़ी चुनौती खड़ी कर दी है। हुब्बली के केएससीए स्टेडियम में खेले जा रहे इस मुकाबले में तीसरे दिन जम्मू-कश्मीर की टीम मजबूत स्थिति में नजर आई।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी जम्मू-कश्मीर की शुरुआत ठोस रही। ओपनर यावर हसन ने 88 रन की उपयोगी पारी खेली, जबकि तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए शुभम पुंडीर ने शानदार शतक लगाते हुए 121 रन बनाए। कप्तान परस डोगरा ने 70 रन का योगदान दिया।
मध्यक्रम में अब्दुल समद ने 61 रन और विकेटकीपर बल्लेबाज कनहैया वाधवन ने 70 रन बनाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। वहीं साहिल लोटरा की 78 रन की अहम पारी ने स्कोर को 500 के पार पहुंचाने में बड़ी भूमिका निभाई। आखिरकार जम्मू-कश्मीर की पूरी टीम 584 रन पर ऑलआउट हो गई।
कर्नाटक की ओर से तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 34.1 ओवर में 98 रन देकर 5 विकेट हासिल किए। हालांकि अन्य गेंदबाज ज्यादा प्रभाव नहीं छोड़ सके, जिसका फायदा उठाकर जम्मू-कश्मीर ने विशाल स्कोर खड़ा किया।
जम्मू-कश्मीर की पारी समाप्त होने के बाद कर्नाटक ने अपनी पहली पारी की शुरुआत कर दी है। फाइनल मुकाबले के नियमों के अनुसार यदि मैच ड्रॉ रहता है तो पहली पारी में बढ़त लेने वाली टीम को चैंपियन घोषित किया जाएगा। ऐसे में कर्नाटक के लिए 585 रन तक पहुंचना या उससे आगे निकलना बेहद जरूरी हो गया है।
अगर कर्नाटक पहली पारी में पीछे रह जाता है, तो जम्मू-कश्मीर पहली पारी की बढ़त के आधार पर खिताब अपने नाम कर सकता है। मुकाबले के अगले दो दिन बेहद निर्णायक माने जा रहे हैं और क्रिकेट फैंस की नजरें अब कर्नाटक की बल्लेबाजी पर टिकी हैं।






