|

रक्षामंत्री राजनाथ सिंह मलेशिया में 12वें आसियान और सहभागी देशों के रक्षा मंत्रियों के सम्मेलन में लेंगे हिस्सा

भारत के रक्षामंत्री राजनाथ सिंह शनिवार को मलेशिया की राजधानी कुआलालम्पुर में आयोजित 12वें आसियान और सहभागी देशों के रक्षामंत्रियों के सम्मेलन (ADMM-Plus) में हिस्सा लेंगे। यह सम्मेलन क्षेत्रीय सुरक्षा, रणनीतिक सहयोग और रक्षा साझेदारी को मजबूत करने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है।

रक्षामंत्री राजनाथ सिंह इस सम्मेलन के दौरान “15 वर्ष पूरे होने और आगे की राह” विषय पर आयोजित विशेष सत्र को भी संबोधित करेंगे। दो दिवसीय दौरे के दौरान वे आसियान सदस्य देशों और सहभागी राष्ट्रों के रक्षामंत्रियों के साथ द्विपक्षीय वार्ताएं भी कर सकते हैं। इसके अलावा, वे मलेशिया के शीर्ष नेतृत्व से भी मुलाकात करेंगे।

रक्षा मंत्रालय के अनुसार, भारत इस समय मलेशिया के साथ 2024-2027 की अवधि के लिए आतंकवाद विरोधी विशेषज्ञ कार्य समूह (EWG on Counter-Terrorism) का सह-अध्यक्ष है। इस पहल का उद्देश्य क्षेत्रीय सुरक्षा सहयोग को और गहरा बनाना है।

शुक्रवार को मलेशिया की अध्यक्षता में आसियान-भारत रक्षा मंत्रियों की अनौपचारिक बैठक भी आयोजित की जाएगी, जिसमें आसियान के सभी सदस्य देशों के रक्षा मंत्री शामिल होंगे। यह बैठक भारत की ‘एक्ट ईस्ट नीति’ को आगे बढ़ाने और दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों के साथ रक्षा और सुरक्षा सहयोग को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

Share

Similar Posts