राजकोट में सीवर सफाई के लिए रोबोट तैनात, मैनुअल स्कैवेंजिंग पर लगेगा पूर्ण विराम

राजकोट में सीवर सफाई के लिए रोबोटिक तकनीक को अपनाते हुए एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। राजकोट नगर निगम ने सफाई कर्मियों को सीवर में उतरने से रोकने के लिए ‘रोबोट ऑपरेटर’ तैनात किए हैं, जिससे मैनुअल स्कैवेंजिंग की प्रक्रिया को समाप्त करने की दिशा में बड़ी पहल मानी जा रही है।
इस नई व्यवस्था के तहत अब सफाईकर्मी सीधे सीवर में उतरने के बजाय रोबोट संचालित करेंगे। इससे उनकी सुरक्षा सुनिश्चित होगी और जीवन स्तर में भी सुधार आएगा।
केंद्रीय शहरी विकास मंत्रालय के अनुसार, इस परियोजना पर करीब 2.29 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। इस तकनीक के माध्यम से उन खतरनाक स्थानों की सफाई प्राथमिकता से की जाएगी, जहां पहले मानव श्रमिकों को भेजना जोखिम भरा होता था।
इसके साथ ही नगर निगम ने सफाईकर्मियों के लिए आधुनिक सामुदायिक भवन भी तैयार किया है, जिसमें विवाह एवं कार्यक्रम हॉल, रसोई, भोजन कक्ष और पार्किंग जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं। इस पहल से करीब 5000 से अधिक सफाईकर्मियों के परिवारों को लाभ मिलेगा।
वहीं भरूच नगर पालिका ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिला सफाईकर्मियों के लिए स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया। इसमें 108 महिलाओं की स्वास्थ्य जांच की गई और उन्हें पोषण व स्वच्छता संबंधी जानकारी दी गई।
गुजरात की ये पहल तकनीक, बुनियादी ढांचे और सामाजिक कल्याण को जोड़कर स्वच्छता के क्षेत्र में एक सुरक्षित और टिकाऊ मॉडल प्रस्तुत करती है, जो अन्य राज्यों के लिए भी प्रेरणादायक बन सकती है।






