सब्सक्रिप्शन के लिए खुला राजनंदिनी फैशन का आईपीओ, 3 जून को हो सकती है लिस्टिंग

महिलाओं के लिए डिजाइनर कपड़ों का निर्माण और मार्केटिंग करने वाली कंपनी राजनंदिनी फैशन इंडिया लिमिटेड का ₹18.21 करोड़ का आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए लॉन्च हो गया है। निवेशक इस आईपीओ में 29 मई तक आवेदन कर सकते हैं। कंपनी के शेयर 3 जून को बीएसई के एसएमई प्लेटफॉर्म पर लिस्ट हो सकते हैं। शुरुआती घंटों में ही निवेशकों का अच्छा रुझान देखने को मिला और दोपहर एक बजे तक आईपीओ को करीब 50 प्रतिशत सब्सक्रिप्शन मिल चुका था।

कंपनी ने आईपीओ के लिए ₹59 से ₹63 प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया है। लॉट साइज 2,000 शेयर रखा गया है, जबकि रिटेल निवेशकों को कम से कम 4,000 शेयरों के लिए आवेदन करना होगा। इसके लिए करीब ₹2.52 लाख का निवेश आवश्यक होगा। आईपीओ के तहत कुल 28.90 लाख नए शेयर जारी किए जा रहे हैं।

राजनंदिनी फैशन इंडिया लिमिटेड की वित्तीय स्थिति पिछले कुछ वर्षों में मजबूत हुई है। कंपनी का शुद्ध लाभ वित्त वर्ष 2022-23 में ₹37 लाख था, जो 2024-25 में बढ़कर ₹5.06 करोड़ तक पहुंच गया। वहीं 2025-26 के पहले नौ महीनों में ही कंपनी ₹5.14 करोड़ का मुनाफा दर्ज कर चुकी थी। कंपनी के राजस्व और नेटवर्थ में भी लगातार बढ़ोतरी हुई है।

हालांकि, कंपनी पर कर्ज का बोझ भी लगातार बढ़ा है। वित्त वर्ष 2022-23 में कंपनी पर ₹6.19 करोड़ का कर्ज था, जो 2025-26 के पहले नौ महीनों में बढ़कर ₹13.96 करोड़ तक पहुंच गया। इसके बावजूद EBITDA और रिजर्व में वृद्धि ने कंपनी की विकास क्षमता को मजबूत संकेत दिए हैं।

आईपीओ में क्यूआईबी के लिए 49.78 प्रतिशत हिस्सा आरक्षित रखा गया है। वहीं रिटेल निवेशकों के लिए 35.13 प्रतिशत और एनआईआई निवेशकों के लिए 15.09 प्रतिशत हिस्सा रिजर्व है। इस इश्यू के बुक रनिंग लीड मैनेजर सेरेन कैपिटल प्राइवेट लिमिटेड हैं, जबकि बिगशेयर सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड रजिस्ट्रार की भूमिका निभा रही है।

Share

Similar Posts