NEET परीक्षा रद्द होना युवाओं के भविष्य के साथ अपराध : राहुल गांधी

Rahul Gandhi ने NEET-UG 2026 परीक्षा रद्द होने पर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि 22 लाख से अधिक छात्रों की मेहनत, त्याग और सपनों को भ्रष्ट व्यवस्था ने कुचल दिया है। राहुल गांधी ने पेपर लीक, सरकारी लापरवाही और शिक्षा व्यवस्था में भ्रष्टाचार को युवाओं के भविष्य के लिए गंभीर खतरा बताया।
Rahul Gandhi ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि “किसी पिता ने कर्ज लिया, किसी मां ने गहने बेचे और लाखों बच्चों ने रात-रात भर जागकर पढ़ाई की, लेकिन बदले में उन्हें मिला पेपर लीक और भ्रष्टाचार। यह केवल नाकामी नहीं, बल्कि युवाओं के भविष्य के साथ अपराध है।”
उन्होंने आरोप लगाया कि हर बार पेपर माफिया बच निकलते हैं और ईमानदार छात्र सजा भुगतते हैं। राहुल गांधी ने कहा कि अब लाखों छात्र दोबारा मानसिक तनाव, आर्थिक बोझ और अनिश्चितता का सामना करेंगे। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर शिक्षा में सफलता परिश्रम की बजाय पैसे और पहुंच से तय होने लगे, तो शिक्षा का महत्व ही क्या रह जाएगा।
गौरतलब है कि National Testing Agency ने NEET-UG 2026 परीक्षा रद्द करने का फैसला लिया है। एजेंसी ने परीक्षा में कथित अनियमितताओं और जांच एजेंसियों से मिले इनपुट के आधार पर यह कदम उठाया। साथ ही केंद्र सरकार ने पूरे मामले की जांच Central Bureau of Investigation को सौंप दी है।
एनटीए के अनुसार, पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखने के लिए परीक्षा दोबारा आयोजित की जाएगी। नई परीक्षा तिथि और एडमिट कार्ड से जुड़ी जानकारी जल्द जारी की जाएगी।






