|

दिल्ली से सीधे रीवा पहुंचे CM मोहन यादव: बाढ़ राहत कार्यों की समीक्षा की; फसल नुकसान का होगा सर्वे

रीवा। रविवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव दिल्ली से सीधे रीवा पहुंचे। यहां उन्होंने रीवा और शहडोल संभाग में अतिवृष्टि से बने हालात और राहत-बचाव कार्यों की समीक्षा की।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत शिविरों का बेहतर संचालन किया जाए और प्रभावित गांवों व नगरीय वार्डों में विशेष चिकित्सा शिविर लगाए जाएं।

बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन लोगों के घर या खाने-पीने का सामान बाढ़ में नष्ट हुआ है, उन्हें आरबीसी 64 के तहत तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जाए।

भोजन और पानी पहुंचाने के निर्देश 
सीएम ने कहा कि सरकार हर बाढ़ प्रभावित व्यक्ति के साथ खड़ी है और जान-माल के साथ मवेशियों की सुरक्षा भी सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने राहत शिविरों में पर्याप्त खाना, पीने का पानी और चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने शिविरों में साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने को कहा। वहीं जिन क्षेत्रों से बाढ़ का पानी उतर चुका है, वहां प्रशासनिक अमले को भेजकर लोगों की जरूरतों का तत्काल ध्यान रखने के निर्देश दिए गए।

पशुओं के इलाज के लिए भी भेजी टीम 
मुख्यमंत्री ने कहा कि बाढ़ प्रभावित गांवों और शहरी वार्डों में जल स्रोतों व हैंडपंपों का क्लोरिनेशन कराया जाए। बुखार, सर्दी-जुकाम सहित अन्य बीमारियों के मरीजों को गंभीरता से लिया जाए, ताकि किसी भी तरह की महामारी न फैले। प्रभावित क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति तत्काल बहाल करने और पशुओं के इलाज के लिए पशु चिकित्सा विभाग की टीमें भेजने के निर्देश भी दिए गए।

फसल नुकसान का होगा सर्वे, किसानों को मिलेगी मदद
मुख्यमंत्री ने अतिवृष्टि से फसलों को हुए नुकसान का तत्काल सर्वे कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि शुरुआती अवस्था में बुवाई नष्ट हुई है तो किसानों को दोबारा बुवाई के लिए बीज आदि की व्यवस्था की जाए। गौशालाओं में पशुओं के चारे और पानी की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।

साफ-सफाई के लिए चलेगा विशेष अभियान
सीएम ने सभी नगरीय निकायों और गांवों में तत्काल विशेष साफ-सफाई अभियान शुरू करने के निर्देश दिए। राजस्व, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, स्वास्थ्य, पशु चिकित्सा और कृषि विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों को फील्ड में रहकर प्रभावित लोगों की मदद करने को कहा गया। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्थानीय परिस्थितियों पर लगातार नजर रखने और जरूरत पड़ने पर तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

Share