CUET 2026 में अव्यवस्था पर राहुल गांधी का हमला, बोले- ‘एक भी परीक्षा सुचारू रूप से नहीं करा पा रही सरकार’
सामान्य विश्वविद्यालय प्रवेश परीक्षा (CUET-2026) के पहले दिन हुई अव्यवस्था को लेकर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने केंद्र सरकार को निशाने पर लिया है। परीक्षा में तकनीकी गड़बड़ी और भारी देरी के बाद राहुल गांधी ने शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए।
राहुल गांधी ने सरकार को घेरा
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए कहा कि “नीट, सीबीएसई, एसएससी और अब सीयूईटी—चार परीक्षाएं, एक करोड़ बच्चे, लेकिन एक भी परीक्षा सुचारू रूप से नहीं हो पाई।”
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार खुद को सर्वश्रेष्ठ बताती है, लेकिन देश में एक भी परीक्षा सही तरीके से आयोजित नहीं कर पा रही है। राहुल गांधी ने कहा कि पूरी शिक्षा व्यवस्था चरमरा गई है और जिस पीढ़ी का भविष्य प्रभावित किया जा रहा है, वही आगे चलकर सरकार से जवाब मांगेगी।
CUET के पहले दिन दिखी भारी अव्यवस्था
दरअसल, नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) द्वारा आयोजित CUET 2026 के पहले दिन देशभर के कई परीक्षा केंद्रों पर भारी अव्यवस्था देखने को मिली।
जानकारी के अनुसार, ऑनलाइन प्रश्नपत्र समय पर अपलोड नहीं होने की वजह से सुबह की पाली की परीक्षा करीब सवा दो घंटे की देरी से शुरू हुई। जयपुर सहित कई शहरों के परीक्षा केंद्र इस समस्या से प्रभावित रहे।
अभ्यर्थियों और अभिभावकों में नाराजगी
कई परीक्षा केंद्रों पर स्पष्ट जानकारी न मिलने से अभ्यर्थियों और अभिभावकों को लंबे समय तक असमंजस का सामना करना पड़ा। कुछ स्थानों पर अभिभावकों ने नाराजगी भी जाहिर की।
सुबह 9 बजे शुरू होने वाली परीक्षा 11:23 बजे तक शुरू नहीं हो सकी, जिससे छात्रों में तनाव का माहौल बना रहा।
NTA ने तकनीकी खराबी को बताया वजह
NTA ने सफाई देते हुए कहा कि परीक्षा संचालन की जिम्मेदारी संभाल रही एजेंसी TCS (टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज) की तकनीकी खराबी के कारण यह समस्या आई। सर्वर में दिक्कत आने से समय पर प्रश्नपत्र अपलोड नहीं हो सके।
इसके अलावा NTA ने दूसरी शिफ्ट की परीक्षा के समय में भी बदलाव किया है। पहले दोपहर 3 बजे शुरू होने वाली परीक्षा अब शाम 4 बजे से आयोजित की जाएगी।
सीयूईटी परीक्षा में सामने आई इस अव्यवस्था ने एक बार फिर देश की परीक्षा प्रणाली और NTA की कार्यप्रणाली को लेकर बहस तेज कर दी है।






