|

क्वेटा में जाफर एक्सप्रेस पर आत्मघाती हमला, 23 की मौत; BLA ने ली जिम्मेदारी

Quetta में रविवार सुबह एक भीषण आत्मघाती हमला हुआ, जिसमें जाफर एक्सप्रेस ट्रेन को निशाना बनाया गया। चमन फाटक के पास रेलवे ट्रैक के नजदीक हुए इस शक्तिशाली विस्फोट में कम-से-कम 23 लोगों की मौत हो गई, जबकि 53 अन्य घायल बताए जा रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, यह हमला उस समय हुआ जब क्वेटा कैंट से सैन्य कर्मियों को लेकर जा रही जाफर एक्सप्रेस चमन फाटक के नजदीक पहुंची थी। बताया जा रहा है कि बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) के मजीद ब्रिगेड के एक आत्मघाती हमलावर ने ट्रेन को निशाना बनाकर फिदायीन हमला किया।

धमाका इतना जबरदस्त था कि ट्रेन की एक बोगी पूरी तरह जलकर खाक हो गई, जबकि रेलवे ट्रैक के आसपास मौजूद कई घरों और वाहनों को भी भारी नुकसान पहुंचा है।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग, पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंच गईं। राहत और बचाव कार्य शुरू कर घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां कई लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

हमले के बाद सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। इस बीच, बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) के प्रवक्ता ने मीडिया को जारी बयान में इस आत्मघाती हमले की जिम्मेदारी ली है।

यह हमला ऐसे समय हुआ है जब बलूचिस्तान में पहले से ही सुरक्षा हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं और अलगाववादी गतिविधियों में लगातार बढ़ोतरी देखी जा रही है।

Share

Similar Posts