पंजाब में शंभू बॉर्डर के पास रेलवे ट्रैक पर धमाका, संदिग्ध की मौत

पंजाब-हरियाणा सीमा पर स्थित शंभू बॉर्डर के पास दिल्ली-पटियाला रेलवे ट्रैक पर मंगलवार तड़के धमाका होने से हड़कंप मच गया। इस विस्फोट में संदिग्ध युवक की मौत हो गई, जिसके शव के टुकड़े पुलिस ने मौके से बरामद किए हैं।
यह घटना पटियाला जिले के बठोनियां गांव के पास घने जंगल क्षेत्र में हुई, जहां रेलवे ट्रैक का एक हिस्सा सुनसान इलाके से गुजरता है। धमाका इतना तेज था कि ट्रैक पर गहरा गड्ढा बन गया और कुछ समय के लिए रेल यातायात बाधित रहा।
घटना की जानकारी मिलते ही एसएसपी वरुण शर्मा, डीआईजी पटियाला रेंज, जीआरपी और आरपीएफ के अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस के अनुसार, ट्रैक को मामूली नुकसान हुआ था, जिसे जल्द ही ठीक कर लिया गया और आवागमन बहाल कर दिया गया।
जांच के दौरान पुलिस को मौके से कुछ अहम सुराग मिले हैं, जिनमें एक मोबाइल सिम कार्ड भी शामिल है। इसकी जांच कर संदिग्ध की पहचान और घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले ही ई-मेल के जरिए पंजाब और हरियाणा में रेलवे ट्रैक को उड़ाने की धमकी दी गई थी, जिससे सुरक्षा एजेंसियां पहले से अलर्ट पर थीं। ऐसे में इस घटना को गंभीरता से लेते हुए सुरक्षा एजेंसियां हर एंगल से जांच कर रही हैं।






