|

पुडुचेरी में ‘निला’ रोबोट ने खींचा ध्यान, 2 घंटे में 17.41% मतदान

पुडुचेरी में विधानसभा चुनाव के दौरान एक अनोखी पहल देखने को मिली है, जहां एक मतदान केंद्र पर ‘निला’ नाम का रोबोट मतदाताओं का स्वागत कर रहा है।

वीओसी सरकारी स्कूल में बनाए गए मतदान केंद्र पर यह रोबोट पारंपरिक पोशाक ‘धावणी’ पहनकर और हाथ में फूलों की टोकरी लेकर मतदाताओं का स्वागत कर रहा है। इस पहल ने मतदाताओं का ध्यान आकर्षित किया है और लोगों में उत्साह बढ़ाया है।

चुनाव आयोग की इस अभिनव पहल को अधिक से अधिक मतदाताओं को मतदान केंद्र तक लाने के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है। कई मतदाता इस पहल की सराहना कर रहे हैं।

पुडुचेरी की 30 विधानसभा सीटों के लिए आज सुबह 7 बजे से मतदान जारी है। मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की अच्छी-खासी भीड़ देखी जा रही है। पहले दो घंटे में ही 17.41 फीसदी मतदान दर्ज किया गया है, जो उत्साहजनक संकेत माना जा रहा है।

इस चुनाव में करीब 9.5 लाख मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे, जबकि 294 उम्मीदवार मैदान में हैं। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2021 के विधानसभा चुनाव में यहां 82.2 प्रतिशत मतदान हुआ था।

तकनीक और परंपरा के इस अनोखे मेल ने चुनाव प्रक्रिया को और भी आकर्षक बना दिया है, जिससे मतदान प्रतिशत बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है।

Share

Similar Posts