|

पुदुचेरी विधानसभा चुनाव 2026: सुबह 7 बजे शुरू हुआ मतदान, केंद्रों पर उमड़ी मतदाताओं की भीड़

केंद्र शासित प्रदेश पुदुचेरी में विधानसभा चुनाव 2026 के लिए आज सुबह 7 बजे से मतदान प्रक्रिया शुरू हो गई है। मतदान शुरू होने से पहले ही विभिन्न मतदान केंद्रों के बाहर मतदाताओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं, जो लोकतंत्र के प्रति लोगों के उत्साह को दर्शाती हैं।

राज्यभर में बनाए गए आकर्षक और थीम आधारित मतदान केंद्र मतदाताओं को आकर्षित कर रहे हैं। सभी केंद्रों पर मतदान शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से जारी है। बड़ी संख्या में लोग समूहों में मतदान करने पहुंच रहे हैं। बुजुर्ग, दिव्यांग और असहाय मतदाता भी परिवार की मदद से मतदान केंद्रों तक पहुंच रहे हैं, जो लोकतांत्रिक प्रक्रिया में उनकी सक्रिय भागीदारी को दर्शाता है।

पूरे प्रदेश के 30 विधानसभा क्षेत्रों में कुल 1,099 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं। इस चुनाव में कुल 294 प्रत्याशी मैदान में हैं। मतदान के लिए 1,099 ईवीएम, 1,099 कंट्रोल यूनिट और 1,099 वीवीपैट मशीनों का उपयोग किया जा रहा है।

इसके अतिरिक्त किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए 364 ईवीएम, 364 कंट्रोल यूनिट और 459 वीवीपैट मशीनें रिजर्व में रखी गई हैं। सभी मतदान केंद्रों पर अर्धसैनिक बल, पुलिस और चुनाव अधिकारियों की तैनाती की गई है।

सुरक्षा के लिहाज से पूरे प्रदेश में तीन-स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। साथ ही, मतदान केंद्रों को वेब कैमरों के जरिए कंट्रोल रूम से जोड़ा गया है, जिससे हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है।

पुदुचेरी विधानसभा चुनाव की मतगणना अगले महीने 4 तारीख को की जाएगी, जिसके बाद चुनाव परिणाम घोषित होंगे।

Share

Similar Posts